गाजियाबाद. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) राज्य की भाजपा सरकार (BJP government) आजकल चोरों से परेशान है. ये चोर कीमती सामान नहीं चुरा रहे हैं, बल्कि सरकार के प्रचार प्रसार वाली होर्डिंग्स (hoardings) और बैनर चुरा रहे हैं. खास बात यह है कि चोर केवल भाजपा के बैनर और होर्डिंग्स चोरी कर रहे हैं. साहिबाबाद के भाजपा विधायक ने तीन तीन थानों में इस संबंध में शिकायत दी है. पार्टी इसलिए परेशान हैं, क्योंकि चुनाव करीब है और सरकार की उपलब्धि बताने वाले होर्डिंग्स गायब हो रहे हैं. मामला गाजियाबाद का है.
साहिबाबाद क्षेत्र के विधायक सुनील शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है. लोगों तक उनकी जानकारी पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है. इससे लोगों को योजनाओं की जानकारी होगी और वो योजनाओं कर लाभ ले सकेंगे. साहिबाबाद क्षेत्र में उनकी ओर से लगवाए गए होर्डिंग्स और बैनर चोरी हो रहे हैं.
विज्ञापन एजेंसी ने इसकी इंदिरापुरम, कौशांबी और लिंक रोड थाने में शिकायत दी है. विज्ञापन एजेंसी के मुताबिक गाजियाबाद नगर निगम ने उसे क्षेत्र में विज्ञापन का अधिकार दिया है. इंदिरापुरम, कौशांबी और लिंक रोड थाना क्षेत्र में लगे होर्डिंग-बैनर चोरी हो गए हैं.
गौरतलब है कि कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी में प्रस्तावित हैं, चुनाव नजदीक आते देख सभी दल चुनाव प्रचार तेजी से कर रहे हैं. भाजपा विधायक सुनील शर्मा भी चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं. उन्होंने योगी सरकार की तरफ से संचालित योजनाओं होर्डिंग्स लगवाए थे. साहिबाबाद विधानसभा को सबसे प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा है. इस सीट पर सबसे ज्यादा वोटर हैं. इस संबंध में एसपी ट्रांस हिंडन ज्ञानेन्द्र सिंह बताते हैं कि मामले की शिकायत मिली है. जांच की जा रही है और आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी.
