BULANDSHAHAR: देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि और रोजमर्रा की चीजों पर कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान के नेतृत्व में कालाआम चौराहे से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन किया. राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर पेट्रोल, डीज़ल एवं रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को कम करने की मांग की । कांग्रेसियों ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सिलेंडर हाथ में लेकर विरोध दर्ज कराया।
क्या बोले कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान
कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने कहा कि, वर्तमान समय में पेट्रोल, डीज़ल एवं रसोई गैस की कीमतों में हो रही बेतहाशा वृद्धि ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है। महंगाई अपने चरम पर है, जिससे गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग एवं छोटे व्यापारियों पर भारी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। जियाउर्रहमान एडवोकेट ने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार ने अच्छे दिनों का सपना दिखाकर जनता को महंगाई और आर्थिक परेशानियों के दलदल में धकेल दिया है। जियाउर्रहमान ने कहा कि भाजपा नैतिक रूप से सत्ता में रहने का अधिकार खो चुकी है।
इन लोगों ने भी किया संबोधित
पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, प्रशांत बाल्मिकी, मनीष चतुर्वेदी और डॉ इरफान ने कहा कि पेट्रोल और डीज़ल के दामों में वृद्धि से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका सीधा असर आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है। वहीं रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है, कांग्रेस नेता भजनलाल विमल, नरेंद्र चौधरी, शिवराम बाल्मिकी और ऋषि गौतम ने कहा कि पेट्रोल एवं डीज़ल की कीमतों में तत्काल कमी की जाए, रसोई गैस के दाम घटाकर आम जनता को राहत दी जाए तथा महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए आम आदमी पर महंगाई का बोझ डाल रही है ।
कौन-कौन प्रदर्शन में हुए शामिल

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान, सुभाष गांधी, नरेंद्र चौधरी, प्रशांत बाल्मिकी, शिवराम बाल्मिकी, भजनलाल विमल, डॉ इरफान, साहिल खान, शकील अहमद, सगीर अहमद, नरेश बाल्मिकी, हाजी फाजिल, इशू शर्मा, अल्लाह दिया, हाजी फजल, हाफिज जीशान, धर्मेंद्र महावर, नवाब खान, उम्मेद सूर्यवंशी, मुन्तजिर खान, अनुराग शर्मा, दिलशाद बीडीसी, अब्दुल रहमान मंसूरी, आजाद चौकी, जाकिर खान, इस्माईल, फरहान, राजेंद्र, मुनाजिम खान आदि सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे ।
