बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सोमवार को गोकशी के बाद मचे बवाल में गुस्साई भीड़ ने स्याना थाने के इंस्पेक्टर की पीट पीटकर हत्या कर दी. गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव करते हुए पुलिस के कई वाहन फूंक दिए और चिंगरावठी पुलिस चौकी में आग लगा दी. सूचना की जानकारी मिलने के बाद कई थानों की पुलिस और आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और हालात को काबू में करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
उधर, बुलंदहशहर में चल रहे इज्तेमा से लौट रहे कई वाहनों के फंसने से स्थिति विकट होती जा रही है. गुस्साए लोग घटनास्थल पर पहुंचे और गोवंश के कटे अवशेषों को ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर चिंगरावठी पुलिस चौकी पर पहुंच कर हंगामा किया.
यह भी पढ़ें : बदल गया बुलंदशहर का नाम, अब कहलाएगा ‘बर्बादशहर’!
हालांकि, कहा जा रहा है कि, वहां गोवंश कटान नहीं हुआ था बल्कि वहीं पर स्थित एक स्लॉटर हाउस में काटे गए पशुओं के अवशेष थो जो बाहर पड़े थे इसी को लेकर लोगों में नाराजगी थी. लेकिन कुछ लोगों के भड़काने पर मामला बिगड़ गया. गुस्साई भीड़ ने बुलंदशहर-गढ़ स्टेट हाईवे पर ट्रैक्टर ट्रॉली लगाकर रास्ता जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी. सूचना पर एसडीएम अविनाश कुमार मौर्य और सीओ एसपी शर्मा पहुंचे.
यह भी पढ़ें : बारुद के ढेर पर बचपन, गहरी नींद में प्रशासन !
लोगों का गुस्सा भड़क गया और पुलिस पर पथराव कर दिया. पुलिस ने फायरिंग कर दी, जिसमें चिंगरावठी निवासी युवक को गोली लग गई. इसके बाद भीड़ बेकाबू हो गई और पुलिस के कई वाहन फूंक दिए. साथ ही चिंगरावठी पुलिस चौकी में आग लगा दी. इस बवाल और प्रदर्शन में कोतवाल भीड़ में फंस गए. भीड़ की पिटाई के कारण स्याना कोतवाल सुबोध कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जहां कुछ देर बाद उनकी मृत्यु हो गई. बवाल की जानकारी स्याना सहित अहार, बुगरासी, बीबीनगर सहित आसपास के कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई.
