लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस एंव प्रोन्नति भर्ती बोर्ड ने प्रदेश में चल रही पुलिस एंव पीएसी के सिपाही पद की भर्ती प्रक्रिया में किसी कारण शामिल ना हो पाने वाले अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया है. इन गैरहाजिर अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच और मानक परीक्षण के लिए भर्ती बोर्ड ने 2 से 4 फरवरी के बीच की तारीख तय की है.
किन अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
दरअसल, पुलिस एवं प्रोन्नेति बोर्ड के मुताबिक 2018 की सीधी भर्ती प्रक्रिया में प्रमाण पत्रों की जांच और शारिरिक मानक परीक्षण में शामिल ना हो पाने वाले कुछ महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों ने इस बात का लिखित प्रार्थना पत्र दिया है कि, दूर ग्रामीण इलाकों के निवासी होने के चलते उनको समय से सूचना नहीं मिल सकी थी और इस कारण वो इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए. बोर्ड ने ऐसे अभ्यर्थियों को एक आखिरी मौका देने का फैसला किया है.
कहां-कहां हैं केंद्र और किस तारीख को होगी जांच
इन वंचित अभ्यर्थियों के लिए करीब 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. जिनमें आगरा, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, बरेली, वाराणसी, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर नगर, झांसी की पुलिस लाइन में 3 और 4 फरवरी को संबंधित परीक्षा केंद्रों पर हाजिर होकर अपने अभिलेखों की जांच और शारिरिक मानक परीक्षण करा सकते हैं. इन केंद्रों पर प्रमाण पत्रों की जांच और शारिरिक मानक परीक्षण में पास अभ्यर्थियों की शारिरिक दक्षता परीक्षा यानि दौड़ 35वीं वाहिनी पीएसी महानगर लखनऊ और 6वीं वाहिनी पीएसी मेरठ में 4 और 5 फरवरी को कराई जाएगी.
इनको भी मिला है मौका
इतना ही नहीं भर्ती बोर्ड ने केवल उन अभ्यर्थियों को ही मौका नहीं दिया है जिनके प्रमाण पत्र और शारिरिक मानक परीक्षण नहीं हो पाया था. बल्कि उन अभ्यर्थियों को भी मौका दिया है जो प्रमाण पत्र और शारिरिक मानक परीक्षण में पास होने के बाद दौड़ परीक्षा में शामिल होने से रह गए थे. उन अभ्यर्थियों की दौड़ परीक्षा 2 और 3 फरवरी को 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ औक 6वीं वाहिनी पीएसी मेरठ में कराई जाएगी.
