लखनऊः लोकसभा चुनावों से पहले केंद्र सरकार के बाद योगी सरकार ने अपना पिटारा खोल दिया है. विधानसभा में योगी सरकार ने आज 4,79,701,10 करोड़ रुपए का बजट पेश किया. चुनावी साल में हिंदुत्व के एजेंडे को धार देने के लिए वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने अपने बजट भाषण की शुरुआत शायरी से की. इसके तुरंत बाद ही उन्होंने कुंभ मेले का जिक्र किया. शुरुआत में माना जा रहा था यह बजट महिलाओं और बच्चों के लिए खास होगा, लेकिन यह धार्मिक नगरी मथुरा, वृंदावन और राम की नगरी अयोध्या के लिए निकला.
कान्हा की नगरी को मिली खास सौगात
योगी के बजट में संस्कृति विभाग में मथुरा वृंदावन के मध्य आडोटोरियम के निर्माण हेतु 8 करोड़ 38 लाख रुपये, सार्वजनिक रामलीला स्थलों में चार दीवारी का निर्माण कराने के लिए पांच करोड़ की व्यवस्था, साथ ही वृंदावन शोध संस्थान के नवीकरण के लिए 1 करोड़ रुपये की सौगात दी गई.
ब्रज तीर्थ को भी मिला कुछ खास
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ में अवस्थापना सुविधाओं हेतु 125 करोड़ रुपए की व्यवस्था, अयोध्या में प्रमुख पर्यटन स्थलों के समेकित विकास हेतु 101 करोड़ रुपए की व्यवस्था, गढ़मुक्तेश्वर के पर्यटक स्थलों की समेकित विकास हेतु 27 करोड़ की व्यवस्था. इसके अलावा पर्यटन नीति 2018 के क्रियान्वयन हेतु 70 करोड रुपए और प्रो पुआर टूरिस्ट के लिए 50 करोड़ की व्यवस्था का प्रावधान है.
काशी के लिए तिजोरी से निकला ये…
वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर विस्तारीकरण योजना के क्रियान्वयन के लिए श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट विकास परिषद का गठन किया गया है. गंगा तट से विश्वनाथ मंदिर तक मार्ग के विस्तारीकरण एवं सुंदरीकरण के लिए 207 करोड़ की व्यवस्था. काशी हिंदू विश्वविद्यालय में वैदिक विज्ञानं केंद्र की स्थापना के लिए 16 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है.
