कानपुर:- उत्तर प्रदेश में योगी सरकार जहां एक तरफ धार्मिक स्थलों एवं धार्मिक तालाबों के सुंदरीकरण पर जोर दे रही है. तो वहीं दूसरी तरफ कुछ लापरवाह ठेकेदार योगी सरकार की कोशिशों पर पानी फेरने का काम कर रहे हैं. कुछ यही नज़ारा आज पनकी में भी देखने को मिला जहाँ पनकी मंदिर के बगल में स्थित कछुआ तालाब में इसका सुंदरीकरण चल रहा है.
ठेकेदार पर लगे आरोप
श्रद्धालुओं का आरोप है कि बीते कुछ दिन पहले ठेकेदार दिलीप बाजपेई की लापरवाही से तमाम मछलियां मारी गई थी . वहीं आज एक बार फिर उसी लापरवाही का नतीजा सामने आया कि ढाई सौ साल पुराना एक कछुआ भी आज मर गया जो कि बड़ा ही गंभीर विषय है. श्रद्धालुओं ने बताया कि शिकायत करने के बाद भी कोई ठेकेदार को कुछ नहीं कहता जिसके चलते अब उसके हौसले बुलंद हो चुके हैं.
ठेकेदार ने बनाया दल दल
श्रद्धालुओं का कहना है कि ठेकेदार द्वारा तालाब का पानी काटकर उसे पूरी तरह से दलदल बना दिया गया है. जिससे सारे जीवो का जीवन संकट में पड़ गया है. वहीं लोगों में अब आक्रोश व्याप्त है. क्षेत्रीय लोगों और श्रद्धालुओं द्वारा प्रदर्शन कर ठेकेदार दिलीप बाजपेई के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गई. मुख्य रूप से उपस्थित संजय पाठक एडवोकेट, चंद्र मोहन मिश्रा एडवोकेट, पनकी मंदिर के महंत जितेंद्र, आदि लोग उपस्थित रहे.
अपना उत्तर प्रदेश के लिए कानपुर से वरिष्ठ संवाददाता फैज़ान हैदर की रिपोर्ट
