बुलंदशहर. केंद्र के तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों (Farmer Protest at Gazipur border) का प्रदर्शन जारी है. स्वतंत्रता दिवस से पहले एक बार फिर किसान आंदोलन को बड़ा करने की योजना बनाई जा रही है. इस आंदोलन में शामिल होने के लिए बुलंदशहर से सैकड़ों किसान विजय रथ लेकर गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना हुए.
सबसे पहले सदर तहसील पर गुलावठी, पहासू, खुर्जा, औरंगाबाद, शिकारपुर और अनूपशहर विकास खंडों से किसान इकट्ठा हुए और फिर बाइक रैली निकाली. बाइक रैली निकालने के बाद किसानों का जत्था गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना हुआ. किसान नेताओं ने कहा कि आज से प्रतिदिन 100 किसान गाजीपुर बॉर्डर जाएंगे और आंदोलन में हिस्सा लेंगे.
किसानों की भीड़ देख सदर तहसील पर खुर्जा, नगर कोतवाली, देहात कोतवाली और सिकंदराबाद पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। काला आम चौराहे पर सिटी मजिस्ट्रेट, एसपी सिटी, सीओ सिटी, नगर कोतवाली और टीआई आदि मौजूद रहे.
कालाआम से किसानों को कचहरी रोड, चांदपुर रोड से निकाला गया. भूड चौराहे से रूट डायवर्जन कर शिकारपुर बाइपास से वाहनों को निकाला गया. डीएम रोड और अनूपशहर अड्डे से वाहनों को निकाला गया.
