LUCKNOW: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( Cm Yogi Adityanath ) ने नमाज पर बड़ा बयान दिया है. अपने चिर-परिचित अंदाज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, उत्तर प्रदेश में कहीं भी सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने दी जाएगी. सीएम योगी ने कहा कि, सड़क किसी भी धार्मिक गतिविधि के लिए नहीं हैं और कानून सबके लिए बराबर है. नमाज अगर पढ़नी है तो पढ़िए नमाज को नहीं रोक रहे हैं. शिफ्ट में पढ़िए लेकिन सड़क पर नहीं ।
क्या बोले सीएम योगी
मुख्यमंत्री ( Cm Yogi Adityanath ) ने इसका जिक्र करते हुए कहा कि, कुछ लोग मुझसे पूछते हैं कि, क्या उत्तर प्रदेश में सचमुच सड़क पर नमाज नहीं होती, मैने कहा कि, आप जाकर देख लो नहीं होती. क्योंकि, सड़कें चलने के लिए हैं कोई भी व्यक्ति सड़क पर आकर तमाशा नहीं बना सकता.
बकरीद से पहले बयान के मायने
दरअसल, 27 या 28 मई को देश में बकरीद का त्यौहार है. ईद-बकरीद के मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम लोग नमाज पढने निकलते हैं. ऐसे में योगी के तीखे बयान के मायने निकाले जा रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ और सख्त शब्दों में कहा कि, अगर नहीं मानेंगे तो हम दूसरा तरीका अपनाएंगे.
बरेली का दिया उदाहरण
इस बयान के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कानून के राज का जिक्र करते हुए कहा कि, हम संवाद का रास्ता जानते हैं. कानून को हाथ में लेने वालों को सख्ती से निपटाना जानते हैं. बरेली में कुछ लोगों ने ऐसा करने की कोशिश की थी उनका हाल देख लीजिए ।
