सुल्तानपुर: सुल्तानपुर के दौरे पर आए बीजेपी के तेज तर्रार नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शंकर शुक्ला ने देश की राजनीति में उछल रहे तमाम मुद्दों पर बात करते हुए कांग्रेस पर करारे प्रहार किए. शहर के एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि,
केंद्र में रही पूर्व की सरकारों में पूरे देश मे कई जगह आतंकी हमले हुए है. लेकिन 2014 में हुए लोकसभा चुनाव के बाद जबसे भाजपा की सरकार केंद्र में आई है उसके बाद से आजतक “कश्मीर” के बाहर एक भी आतंकी हमला नही हुआ है.
‘गांव-गरीब तक पहुंचा गैस कनेक्शन’
प्रेम शंकर शुक्ला ने कहा कि, पहले की सरकारों में लोगो को गैस की किल्लत होती थी. पूर्व की सरकारों में पहले देश के सांसदों को ही गैस कनेक्शन मिलता था. उन गैस कनेक्शन के कूपन की सांसद कालाबाजारी करते थे. गैस कनेक्शन बेचने वाले सांसदों में कांग्रेस के सांसद शामिल थे. भाजपा सरकार के पिछले साढ़े 4 साल के कार्यकाल में अबतक हमारी सरकार ने देश मे 6 करोड़ लोगों को उज्जवला योजना के तहत निशुल्क गैस कनेक्शन दिया गया है.
‘झूठ की राजनीति कर रहे राहुल गांधी’
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा बार-बार राफेल मुद्दे को लेकर भाजपा पर लगाये जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए प्रेम शंकर शुक्ला ने कहा कि राफेल मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार झूठ बोल रहे है. हम लगातार उनके झूठ को बेपर्दा कर रहे है फिर भी कांग्रेस अध्यक्ष और उनके नेताओं की तरफ से ये कृत्य बार बार किया जा रहा.
‘वाड्रा अपने करीबी से कराना चाहते थे राफेल डील’
भाजपा प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने रॉबर्ट वाड्रा पर आरोप लगाते हुए कहा कि रॉबर्ट वाड्रा अपने करीबी संजय भंडारी के माध्यम से राफेल डील कराना चाहते थे. राफेल सौदा किससे किया जाए इस बात को लेकर रॉबर्ट वाड्रा और संजय भंडारी लगातार संपर्क में रहे हैं. राफेल डील कराने के लिए ही रॉबर्ट वाड्रा ने संजय भंडारी से उनकी लंदन में स्थित 8 प्रॉपर्टी को अपने नाम करवाया था. जबकि राफेल डील पर भारत और फ्रांस की सरकार द्वारा मॉनिटरिंग चल रही थी. डील के दस्तावेजों के कुछ कागजों को हासिल कर कांग्रेस उन्हें तोड़ मरोड़ कर पेश कर रही है. ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के जीजा रॉबर्ट वाड्रा भी राफेल सौदे के नाम पर हुए मनी लांड्रिंग केस में जांच में फंसे हुए है.

‘राफेल पर राजनीति वाले खुद घोटाले में बेल पर’
राफेल पर चल रही वार-पलटवार की राजनीति में प्रेम शंकर शुक्ला ने कहा की जो लोग राफेल के मुद्दे पर सियासत कर रहे है वो लोग खुद 5000 करोड़ रुपये के घोटाले के मामले में बेल पर चल रहे है. घोटाले में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और सांसद सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, तत्कालीन रक्षा मंत्री एके एंटोनी , मोतीलाल बोरा, शशि थरूर समेत कई कांग्रेस के नेता शामिल है जो बेल पर चल रहे हैं
‘भाजपा सरकार ईमानदारी से काम करने वाली है’
शुक्ला ने भाजपा के विपक्ष में एकजुट होने वाले राजनीतिक दलों पर तंज करते हुए कहा कि, हमारी सरकार ईमानदारी और पारदर्शीता के साथ सुशासन चलाने वाली सरकार है. हमारी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचारियों का एक ईको सिस्टम काम कर रहा है. कन्हैया कुमार पर टिप्पणी करते हुए प्रेम शुक्ला ने कहा हमारी सरकार के खिलाफ एक तरफ देशद्रोही है तो दूसरी तरफ देशद्रोहियों को संरक्षण देने वाले लोग है.
‘अबकी बार 400 पार, भाजपा है तैयार’
2019 के चुनाव की तैयारियों पर बोलते हुए बीजेपी नेता प्रेम शुक्ला ने कहा कि, 2014 के चुनाव के पहले हमारी 6 राज्यों में ही सरकारें थीं. जबकि मौजूदा समय में हमारी 17 राज्यों में सरकार चल रही हैं. 2014 के चुनाव में हमारा 272+ का लक्ष्य था लेकिन आने वाले चुनाव में अब “भाजपा 400 पार” के नारे के साथ चुनाव में होगी.
सुल्तानपुर से ‘नितिन श्रीवास्तव’ की रिपोर्ट
