लखनऊ: अयोध्या में राममंदिर के भूमि पूजन की तैयारियों के बीच मस्जिद के निर्माण के लिए भी ट्रस्ट का ऐलान हो गया है. यूपी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड इसका संस्थापक ट्रस्टी बना है और इस ट्रस्ट का नाम इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन रखा गया है. इस ट्रस्ट में अधिकतम 15 सदस्य होंगे फिलहाल इस ट्रस्ट में 9 सदस्यों को शामिल किया गया है. जुफर फारूकी इस ट्रस्ट के अध्यक्ष होंगे वहीं ट्रस्ट के सदस्य अतहर हुसैन इसके अधिकारिक प्रवक्ता होंगे.
ट्रस्ट में कौन कौन हैं
इस ट्रस्ट में अधिकतम 15 सदस्य होंगे फिलहाल इस ट्रस्ट में 9 सदस्यों को शामिल किया गया है. जुफर फारूकी इस ट्रस्ट के अध्यक्ष होंगे वहीं ट्रस्ट के सदस्य अतहर हुसैन इसके अधिकारिक प्रवक्ता होंगे. फैज आफताब मस्जिद निर्माण ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष होंगे. वहीं मोहम्मद जुनैद सिद्दीकी, शेख सैदुज्जम्मान, मोहम्मद राशिद और इमरान अहमद ट्रस्ट के सदस्य बनाए गए हैं.
क्या क्या बनेगा ?
बोर्ड ने अयोध्या के धन्नीपुर गांव में आवंटित की गई 5 एकड़ जमीन पर एक मस्जिद, इंडो इस्लामिक रिसर्च सेंटर, लाइब्रेरी और अस्पताल बनाया जाएगा. कहा जा रहा है कि, ये ट्रस्ट भी अगले महीने मस्जिद और बाकी निर्माण कार्य शुरू कर सकता है.
सुप्रीम कोर्ट ने दिया था आदेश
दरअसल, अयोध्या मामले का निपटारा करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने 9 नवंबर को राम जन्मभूमि विवाद में ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए विवादित स्थल पर मंदिर निर्माण और मुसलमानों के लिए अयोध्या में किसी प्रमुख स्थान पर 5 एकड़ जमीन देने का आदेश दिया था. कोर्ट के आदेश का अनुपालन अयोध्या जिले की सोहावल तहसील स्थित धन्नीपुर गांव में 5 एकड़ जमीन वक्फ बोर्ड को दी गई है.
