लखनऊः उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार एक के बाद एक समाजवादी पार्टी के नेताओं को झटका देने में लगी हुई है. समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान के बाद पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की जेड प्लस सुरक्षा हटाने का फैसला लिया है. यानि की अब ब्लैक कमांडो का सुरक्षा घेरा अखिलेश यादव के साथ नहीं रहेगा. सरकार के सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के मुताबिक, इस संबंध में दस्तखत हो चुके हैं और एनएसजी को भी सूचित किया जा चुका है.
क्या हटेगी मुलायम सिंह यादव की सुरक्षा
मुलायम सिंह यादव को मिली जेड प्लस श्रेणी सुरक्षा को हटाने पर सूत्रों का कहना कि ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाएगा, क्योंकि मुलायम सिंह एक सांसद है और उनकी सुरक्षा के लिए कमांडों का तैनात रहना लाजिमी है.
लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी गठबंधन की हार के बाद उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सुरक्षा में कटौती देखने को मिली है. हालिया लोकसभा चुनाव में हार के बाद समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन भी टूट गया था. इस चुनाव में बहुजन समाज पार्टी को 10 लोकसभा सीटों और समाजवादी पार्टी को सिर्फ 5 लोकसभा सीटों पर जीत मिली थी. इससे पहले आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उनके परिवार के सदस्यों की सुरक्षा में कटौती देखने को मिली थी.
