बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में दुलहन को शादी के बाद साथ लेकर लौट रहे एक परिवार का वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गया. संभल से वापसी के दौरान वाहन मुरादाबाद के रास्ते पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया. इस घटना में दुलहन की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
हाईवे पर हुआ था दर्दनाक हादसा
पुलिस के मुताबिक बुलंदशहर के गांव हिसावटी के रहने वाले मनोज कुमार की बारात बुधवार शाम संभल गई थी. गुरुवार सुबह विदाई के बाद वह अपनी पत्नी शिवानी के साथ घर वापस लौट रहा था. इसी दौरान आगरा-मुरादाबाद हाई-वे पर बहजोई के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. हादसे में दुल्हन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं मनोज कुमार, उसके रिश्तेदार मधु, प्रिंस, नीरज और चालक दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया
घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह कार से सभी को बाहर निकाला और पुलिस को घटना की जानकारी दी. इसके बाद सभी लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. सीओ चंदौसी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में विवाहिता की मौत हुई है. वहीं दूल्हा समेत पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है.
