लखनऊ : लॉकडाउन के दौरान पुलिस न सिर्फ लोगों को घर में रहने की हिदायत देकर गश्त और ज़रूरतमंदों को राहत सामग्री पहुंचा रही है, बल्कि जान बचाने में भी डॉक्टर की भूमिका अदा कर रही है. हजरतगंज इलाके के फ्लैट में अकेले रहने वाले बुजुर्ग ने पुलिस को कॉल करके बताया कि बेटा और बहू परिवार के साथ अमेरिका में रहते हैं, संकोच के साथ कह रहा हूं कि मुझे रसगुल्ले की ज़रूरत है. 88 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक का शुगर लेवल लगातार गिर रहा था, बाजार बंद होने के कारण बुजुर्ग की बेचैनी बढ़ती जा रही थी.
रसगुल्ले खाने के बाद सामान्य हुई हालत
इसपर हजरतगंज इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने डॉक्टर को कॉल कर जानकारी ली, एक दुकान खुलवाई और चार रसगुल्ले लेकर बुजुर्ग के पास गए, जिसे खाने के बाद बुजुर्ग की हालत सामान्य हुई. बुजुर्ग ने भावुक होकर इंस्पेक्टर संतोष सिंह और उनकी टीम को धन्यवाद दिया, कहा कि आप लोग नहीं आते तो हालत बिगड़ जाती.
लॉकडाउन का हो रहा सख्ती से पालन
कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने 25 मार्च से 21 दिन के कंप्लीट लॉकडाउन का ऐलान किया था. उसके बाद से विभिन्न संस्थाओं, नेताओं और सेलिब्रिटीज ने इस लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने की गुजारिश की है.
