नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश की .रामपुर लोकसभा सीट से सांसद आजम खान की मुश्किलें दिनों दिन बढ़ती ही जा रही है. जौहर यूनिवर्सिटी विवाद के बाद अब आजम खान पर लग्जरी रिसॉर्ट के लिए सरकारी जमीन हड़पने का आरोप लगा है.
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने उनको रामपुर में लग्जरी रिसॉर्ट हमसफर के लिए सरकारी जमीन कब्जाने को लेकर नोटिस जारी किया है. जिला प्रशासन ने सरकारी जमीन के एक बड़े टुकड़े को कब्जाने के संबंध में अनियमितताओं का आरोप लगाया है.
ईडी कर रही है मामलों की जांच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)भी खान के निजी विश्वविद्यालय के खाते में विदेशों से दान मिलने से संबंधित कथित धनशोधन के आरोपों की जांच कर रहा है. ईडी ने रामपुर पुलिस से आजम खान के खिलाफ दर्ज मामलों की सूची मांगी है. इस बीच प्रदेश पुलिस ने आजम खान के स्टाफ को मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से संबंधित जमीन के सभी सौदों का ब्योरा देने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है.
