‘मेरे सामने IAS-IPS हैं अनाड़ी, मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे’

अपना लखनऊ होमपेज स्लाइडर

लखनऊ:  महोबा की तहसील चरखारी से विधायक ब्रजभूषण सिंह राजपूत के फसल खरीदी केंद्र पर दिए विवादित बयान को एक दिन भी नहीं बीता था कि विधायक ने एक और नया विवाद खड़ा कर दिया. दरअसल चरखारी विधायक ब्रजभूषण सिंह का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह जिले के अधिकारियों (डीएम और एसपी) को अनाड़ी बताते हुए उनके लिए अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं. वीडियो में ब्रजभूषण सिंह राजपूत कह रहे हैं कि IAS और IPS की डिग्री लेने से कोई महान नहीं बन जाता है. इसी के साथ विधायक अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए अधिकारियों को चुनौती भरे लहजे में कहते दिख रहे हैं कि ये लोग मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते हैं, क्योंकि मैं इनकी तरह चोरी और दलाली नहीं करता.

अधिकारी की लगाई क्लास

मालूम हो कि चरखारी विधायक का मंगलवार को भी एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह फसल खरीदी केंद्रों के अधिकारी और कर्मचारियों को न सुधरने पर “जूते से सबक” सिखाने की बात कहते दिख रहे थे. यहां विधायक ने केंद्र प्रभारी से फसल बेचने के बारे में बात की. केंद्र प्रभारी विधायक को पहचान नहीं सका और जल्द फसल बेचने के बदले उनसे ही कमीशन मांगने लगा जिसके बाद विधायक ने यह विवादित बयान दिया.

पहले भी आ चुके हैं विवादों में

यह पहली बार नहीं है जब चरखारी विधायक ब्रजभूषण सिंह अपने बयानों के चलते विवाद में घिरे हों. बीजेपी के तेज-तर्रार नेता अक्सर विवादों में रहते हैं. ब्रजभूषण राजपूत बुंदेलखंड नव निर्माण सेना के कर्ता धर्ता भी हैं. हमीरपुर से तीन बार सांसद रह चुके गंगाचरण राजपूत के बेटे ब्रजभूषण भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं. अमरनाथ यात्रियों पर हमले के बाद उनका बयान आया था कि अगर राममंदिर बनाने की इजाज़त नहीं तो मुस्लिमों को हज मक्का मदीना जाने की भी इजाज़त ना मिले.

 

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *