लखनऊ: लोकसभा चुनावों में यूपी का सियासी दंगल समाजवादी पार्टी को लगातार झटके दे रहा है. गोरखपुर से संजय निषाद को खोने के बाद समाजवादी पार्टी को एक और बड़ा झटका लगने वाला है. पश्चिमी यूपी के सपा के एक वरिष्ठ नेता वीरेन्द्र सिंह सुबह 11:30 बजे बीजेपी में शामिल होने वाले हैं. वीरेन्द्र सिंह कैराना से ताल्लुक रखते हैं.
सीएम योगी कराएंगे बीजेपी में शामिल
वीरेन्द्र सिंह को यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और यूपी बीजेपी अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पाण्डेय की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल कराया जाएगा. बता दें कि वीरेन्द्र सिंह का पार्टी को छोड़ना सपा के लिए काफी नुकसानदायक साबित होने वाला होगा, क्योंकि वह यूपी से 6 बार विधायक रह चुके हैं.
कैराना में सपा को घेरेने की तैयारी में बीजेपी
पश्चिमी यूपी में पहले चरण का चुनाव 11 अप्रैल को है और कैराना में भी इसी दिन मतदान होगा. पिछले साल कैराना लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी की हार हुई थी. इस बार बीजेपी कैराना में कोई चूक नहीं करना चाहती है. इसीलिए गुर्जर समुदाय के बड़े नेता वीरेन्द्र सिंह को यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और यूपी बीजेपी अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पाण्डेय की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल कराया जा रहा है.
