सुल्तानपुर : कांग्रेस महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को सुलतानपुर में अपनी चाची मेनका के खिलाफ कांग्रेस के प्रत्याशी संजय सिंह के समर्थन में रोड शो किया. रोड शो में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. खुली गाड़ी में सवार प्रियंका के साथ उनकी बेटी मिराया, बहराइच की सांसद सावित्री बाई फुले, डॉ़ संजय सिंह तथा पूर्व मंत्री अमिता सिंह भी शामिल थीं.
आमने-सामने हुआ प्रियंका और मेनका का काफिला
उन्होंने अभिवादन कर स्वागत के प्रति आभार जताते हुए वोट की अपील की. इस दौरान उनका जगह-जगह गुलाब के फूलों से स्वागत किया गया. वहीं दरियापुर में चाची मेनका गांधी का काफिला और भतीजी प्रियंका गांधी का काफिला आमने-सामने हो गया. पुलिस ने मेनका का काफिला उनके आवास की मोड़ दिया और प्रियंका के काफिले को आगे बढ़ाया.
सुल्तानपुर से बीजेपी प्रत्याशी हैं मेनका
यह रोड शो इसलिए और महत्वपूर्ण था, क्योंकि भाजपा की ओर से उनकी चाची मेनका गांधी सुलतानपुर से उम्मीदवार हैं. बगल की अमेठी सीट पर राहुल गांधी की मौजूदगी के कारण लोगों को इस बात में दिलचस्पी थी कि परस्पर विरोधी खेमे के गांधी क्या आमने-सामने होंगे? राहुल के बाद प्रियंका के रुख से साफ हुआ कि उन्हें कोई परेशानी नहीं है. राहुल गांधी 22 अप्रैल को अमहट हवाईपट्टी के समीप और 4 मई को धंमौर में संजय सिंह के समर्थन में कार्यकर्ता सम्मेलन कर चुके हैं. हालांकि ऐसा पहली बार हुआ, जब राहुल और प्रियंका ने अपने परिवारिक सदस्य के खिलाफ प्रचार किया है.
सुल्तानपुर से नितिन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
