नई दिल्लीः समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज झांसी पहुंचे. झांसी दौरे पर अखिलेश यादव ने पुष्पेंद्र यादव एनकाउंटर मामले में मृतकों के परिवारों से मुलाकात की. मृतक के परिजनों से मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने उन्हें मदद का भरोसा दिलाया और कहा कि वह तरह से कोशिश करेंगे कि उन्हें किसी तरह की तकलीफ ना हो.
सपा नेताओं का प्रदर्शन
झांसी में पुष्पेंद्र के एनकाउंटर को लेकर सपा नेता व कार्यकर्ता भारी संख्या में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. पूरे जिले में प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है. भारी संख्या में पुलिस बल का तैनाती की गई है. विरोध प्रदर्श कर रहे सपा नेताओं पर शांतिभंग करने के आरोप में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राज्यसभा सांसद चंद्रपाल यादव समेत 39 लोगों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है.
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि शनिवार रात दुस्साहसिक तरीके से मोंठ थाने के इंस्पेक्टर पर हमला करने के बाद कार लूटकर भागने वाले पुष्पेंद्र यादव को गुरसराय थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर दिया था. मौके से उसके दो साथी भाग निकले थे. कार से पुलिस ने दो तमंचे, कारतूस व मोबाइल बरामद किया था. आरोप है कि शनिवार को रात करीब नौ बजे मोंठ प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह चौहान पर बमरौली बाईपास तिराहा के पास हमला किया गया था.
