लखनऊ : बुलंदशहर के स्याना में 3 दिसंबर को हुए उपद्रव में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और स्थानीय युवक सुमित की मौत हो गयी थी. इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की मौत के बाद उनके परिजनों ने तो सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर ली थी लेकिन अब सुमित के परिवार वाले सीएम योगी से मुलाकात करने लखनऊ पहुंचे. यहां सीएम से सुबह के वक्त ही सुमित के परिवार वालों की मुलाकात होगी.
याद दिला दें कि स्याना बवाल में चिंगरावठी निवासी युवक सुमित की गोली लगने से जान चली गयी थी. मामले में मृतक के परिजनों ने घटना के बाद शव का दाह संस्कार करने से साफ मना कर दिया. तब पुलिस प्रशासन और नेताओं के भरोसा दिलाने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार किया.

सीएम के सामने लगाएंगे न्याय की गुहार
सुमित के परिवारवाले न्याय की गुहार लगा रहे थे इसके लिए वे कई दिनों तक अनशन पर भी बैठे थे. वहीं सुमित के दाह संस्कार के बाद किसी ने भी पुलिस-प्रशासन ने सुमित के परिजनों का हाल-चाल भी जानना जरूरी नहीं समझा. हद तो तब हो गयी जब सुमित के पिता की तहरीर पर 6 दिन बाद पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी. मामले में आज भी सुमित के परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं. सुमित के पिता अमरजीत सिंह की मांग है कि उनके परिवार को कोतवाल सुबोध कुमार सिंह के बराबर की मुआवजा राशि दी जाए.
यह भी पढ़ें : आरोपी फौजी जीतू ने कुबूल की ये बात, बोला हां मैं…

सुबोध सिंह के परिवार को मिला था 50 लाख का मुआवजा
आपको बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने इंस्पेक्टर सुबोध कुमार को 50 लाख़ की मुआवज़ा राशि देने का ऐलान किया है और इंस्पेक्टर के परिजनों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को हर तरह की मदद देने का भी आश्वासन दिया. सीएम ने ये भी कहा था कि उनकी सरकार न केवल शिक्षा ऋण की जिम्मेदारी उठाएगी बल्कि परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी देगी.
यह भी पढ़ें : सीएम योगी की धमकी पर असदुद्दीन बोले- ‘हिन्दुस्तान मेरे अब्बा का देश’

क्या है पूरा मामला
आपको बता दें कि बुलंदशहर में 3 दिसंबर को गोकशी की आशंका में हिंसा हुई जिसमें भीड़ ने काफी उपद्रव मचाया. इस दौरान इंस्पेक्टर कुमार शहीद हो गए और एक युवक सुमित चौधरी की मौत हो गयी थी. फिलहाल ताजा मामलों पर गौर करें तो मुख्य आरोपी कथित रूप से बजरंग दल का नेता योगेश राज अब भी फरार है और इसी मामले में भीड़ को भड़काने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ़्तार किया गया.
