इलाहाबाद : अगले साल संगम नगरी में आयोजित होने वाले कुंभ मेले में इस बार ऐसे पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा, जो मांस नहीं खाते और ना ही शराब पीते हैं. इस कुंभ मेले में इस बार 22 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. इनकी तैनाती में यह भी ध्यान में रखा जाएगा कि इन पुलिसकर्मियों का चरित्र भी बेहतर हो. इसके लिए बरेली मंडल के शाहजहांपुर के एसपी को भी खास दिशानिर्देश दिए गए हैं.
इसके लिए एक प्रमाण पत्र भी दिया गया है. इसमें ड्यूटी पर जाने वाले सिपाही का पूरा ब्योरा और उसका शपथ पत्र लिया जाएगा. दरअसल कुंभ मेले के डीआईजी केपी सिंह ने बरेली मंडल के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक को खास दिशानिर्देश दिए हैं कि इस बार कुंभ मेले में जाने वाले पुलिसकर्मियों को खास प्रमाण पत्र भरना होगा. जिसमें वह शराब ना पीने और मांस ना खाने की शपथ लेंगे. इसके अलावा इस ड्यूटी में विशेष तौर पर उन पुलिसकर्मियों को ही भेजा जाएगा जिनका रिकॉर्ड अच्छा है.

उन्होंने बताया कि इसके अलावा, उत्तराखंड से भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की योजना है क्योंकि हरिद्वार कुंभ मेले के सफल आयोजन में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है. पुलिस महानिदेशक कार्यालय ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पुलिसकर्मी आवंटित कर दिए हैं.
सिंह ने बताया कि चूंकि कुंभ मेले के दौरान मेला क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है, इसलिए यह सुनिश्चित किया गया है कि सिपाही 40 वर्ष, हेड कांस्टेबल 50 वर्ष और एसआई 55 वर्ष से अधिक आयु के न हों. उन्होंने बताया कि इस बार कुंभ मेले की भव्यता को देखते हुए केंद्र सरकार विभिन्न राज्यों से विशेष पुलिस बलों को मेले में तैनात कर सकती है. पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे मेला क्षेत्र में 1135 सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी की है.
