लखनऊ : एनकाउंटर पर उठ रहे सवालों के बीच प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में चेकिंग के दौरान कार न रोकने पर पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध समझकर गोली मार दी, बाद में युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की शिनाख्त एप्पल कम्पनी के ऐरिया मैनेजर के रूप में हुई है। परिवारजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के न आने तक अंतिम संस्कार न करने की बात कही है।
इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीजीपी ओपी सिंह से बात कर रिपोर्ट मांगी है। शुक्रवार देर रात की इस घटना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। घटना देर रात करीब डेढ़ बजे की है। कार में एप्पल कंपनी के एरिया मैनेजर विवेक तिवारी के साथ सना नामक युवती भी थी। सना भी विवेक के साथ कंपनी में कार्यरत है। इधर पोस्टमार्टम में सिर में गोली लगने से विवेक की मौत का खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार एप्पल कंपनी के एरिया मैनेजर विवेक तिवारी अपनी सहयोगी सना के साथ देर रात काले रंग की महिंद्रा एक्सयूवी 500 कार से आ रहे थे। इस दौरान गोमतीनगर में चेकिंग के दौरान पुलिस ने रोकने का इशारा किया गया। पुलिस कर्मियों के मुताबिक कार सवार विवेक तिवारी ने गाड़ी की स्पीड तेज कर दी। जिससे पुलिस की बाइक पर सवार दो कांस्टेबलों को चोट लग गई। इनमें से एक कांस्टेबल प्रशांत चौधरी ने कार पर गोली चला दी।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि गोमतीनगर थाने में कॉन्स्टेबल प्रशांत चौधरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी ने बताया कि बचकर निकलने के चक्कर में विवेक की गाड़ी ने एक पुलिसवाले की मोटरसाइकिल को भी टक्कर मारी। इस घटना के बाद कॉन्स्टेबल प्रशांत चौधरी ने एक फायर किया, जिसके बाद बुलेट कार के विंड शील्ड को पार कर गई। आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुल्तानपुर के रहने वाले विवेक तिवारी की पत्नी और दो बेटियां हैं। इस बीच विवेक की सहयोगी सना को पुलिस ने मीडिया से दूरी बनाए रखने के लिए नजरबंद कर दिया है, जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। सना सिपाही द्वारा युवक को गोली मारने में आई-विटनेस है, उन्हें गोमतीनगर के विनय खंड-3 स्थित उनके घर में पुलिस ने नजरबंद किया है। दूसरी तरफ विवेक के रिश्तेदार मामले में सीएम से हस्ताक्षेप करने की बात कह रहे है। उनका कहना है कि जब तक सीएम नहीं आएंगे विवेक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। साथ ही एसआईटी से जांच के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर सीबीआई से जांच करवाने की बात कही है। इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री पुलिस के आला अधिकारियों के सीधे संपर्क में हैं।
एडीजी लॉ एण्ड आॅर्डर का कहना
एडीजी लॉ एण्ड आॅर्डर आनंद कुमार ने बताया कि मामला हत्या का है और आरोपी कांस्टेबलों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सना को नजरबंद नहीं किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात की गई है। विवेक के चरित्र हनन के लिए एडीजी ने माफी भी मांगी।
एसपी क्राइम के नेतृत्व में एसआईटी गठित
लखनऊ के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि विवेक तिवारी को गोली मारने की जांच एसआईटी करेगी। इसकी अगुवाई एसपी क्राइम को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी कांस्टेबलों के खिलाफ धारा-302 का मामला दर्ज किया गया है। हत्या के पर्याप्त सबूत मिले हैं और इसमें दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना रात डेढ़ से पौने दो बजे के बीच की है। सना ने विवेक का नाम बताया था लेकिन पता नहीं बता सकी। पुलिस का कहना है कि गाड़ी रिवर्स आई तो कांस्टेबल ने गोली चलाई। इससे पहले कांस्टेबल को टक्कर लगने के बाद वह तैश में आ गया और गोली चला दी। पुलिस के अनुसार आरोपी के घुटने में चोट आई है। एसएसपी ने कहा कि चश्मदीद गवाह सना को नजरबंद नहीं किया गया है और मीडिया से बात कर सकती है।
