लखनऊ. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी के महासचिव सतीश चंद्र मिश्र गुरुवार को लखीमपुर खीरी के लिये रावा होने वाले हैं. बता दें कि अखिलेश दोपहर करीब एक बजे सबसे पहले थाना धौरहरा के ग्राम लहबड़ी में मृत किसान नक्षत्र सिंह को श्रद्धांजलि देंगे और उनके परिवार से मुलाकात करेंगे. इसके बाद वो दोपहर करीब सवा दो बजे निघासन में पत्रकार रमन कश्यप को श्रद्धांजलि देंगे और उनके परिवार से मिलेंगे. साथ ही बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र गुरुवार सुबह 10 बजे लखनऊ से लखीमपुर खीरी के लिए रवाना होंगे. वो लखीमपुर में पहुंचकर मृतकों के परिवार से मुलाकात करेंगे.
LIVE UPDATES:
10.40 बजे: भाजपा नेता वरुण गांधी ने एक बार फिर योगी सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने लिखा- वीडियो बिल्कुल स्पष्ट है. हत्या कर के प्रदर्शनकारियों को चुप नहीं कराया जा सकता. इसकी जवाबदेही होनी चाहिए.
9.30 बजे: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि लोकतंत्र में न्याय एक अधिकार है. मैं न्याय के लिए अपनी लड़ाई जारी रखूंगी. कल मैं जितने भी पीड़ित परिवारों से मिली उन्होंने केवल न्याय की मांग की. निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय मंत्री को इस्तीफा देने की जरूरत है.
9:16 बजे: लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में आठ लोगों की मौत के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए बुधवार को अनेक वकीलों ने जिला अदालत परिसर से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली.
9:14 बजे: अधिवक्ता संघर्ष समिति के बैनर तले वकीलों ने केंद्र और राज्य की सरकारों के प्रतीक पुतले जलाए. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मांग की कि राज्य मंत्री (गृह) अजय कुमार मिश्रा के खिलाफ तीन अक्टूबर की घटना के संबंध में मामला दर्ज किया जाए.
