लखनऊ. अपनी ही पार्टी की सरकार की आलोचना करने के लिए चर्चित भाजपा के पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा)में शामिल हो गएं. सपा ने सोमवार को ट्वीट किया, ‘‘सपा का बढ़ता कारवां, राष्ट्रीय अध्यक्ष (अखिलेश यादव) के नेतृत्व में आस्था जताते हुये बलिया के चिल्कहार विधानसभा से भाजपा के पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह अपने साथियों के साथ सपा में शामिल. आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन.” सपा ने सिंह के पार्टी में शामिल होने की तस्वीर भी ट्वीट के साथ साझा की है.
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2002 में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राम इकबाल सिंह चिल्कहार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे.
ये भी पढ़ेंः- ओमिक्रॉन से बचाव के लिए दी जाएगी वैक्सीन की बूस्टर डोज? जानें केंद्र का जवाब
वहीं, वर्ष 2008 में विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन के बाद, चिल्कहार सीट का अस्तित्व समाप्त हो गया था. राम इकबाल अक्सर अपने बयानों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधते रहें हैं. उनके बयानों से यह अटकले पहले से लगायी जा रही थी वह जल्द ही सपा में शामिल हो सकते हैं.
उन्होंने 14 अक्टूबर को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा पर लखीमपुर खीरी हिंसा के पीछे होने का आरोप लगाया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की थी. सिंह ने इससे पहले कहा था कि राज्य में नौकरशाह सरकार चला रहे हैं और उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा दूसरी कोविड लहर से निपटने के तरीके पर भी सवालिया निशान लगाया था.
