बुलंदशहर: योगी आदित्यनाथ भले ही मजबूत कानून व्यवस्था की बातें करते हों. लेकिन बुलंदशहर में अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं. बुलंदशहर के शिकारपुर से हरियाणा पशु खरीदने जा रहे व्यापारी व उसके तीन साथियों को मारपीट कर बाइक सवार बदमाशों ने 6.80 लाख रुपये लूट लिए. बदमाशों की संख्या छह बताई गई है. पीडि़त ने थाना पुलिस को मामला दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है.
लूट को ऐसे दिया अंजाम
वारदात देर रात 12 बजे की बताई गई है. शिकारपुर के उमेद पुत्र हाजी ने बताया कि वे पशु खरीदने के लिए कैंटर से फिरोजपुर, मेवात, हरियाणा जा रहे थे. उनके साथ आशिफ पुत्र जमील, निजाम पुत्र फिरोज थे. कैंटर मथुरा जिले के गांव शेरगढ़ निवासी राकेश चला रहे थे. कस्बे के शिवाला और कोलाहर गांवों के पास इनकी गाड़ी को दो बाइकों पर सवार हथियारबंद छह बदमाशों ने रोक लिया और मारपीट कर 6.80 लाख रुपये लूट लिए.
जानकारी के बाद भी देरी से पहुंची पुलिस
पीडि़त ने इसकी जानकारी 100 नंबर पर देने के आधा घंटे बाद पुलिस पहुंची. लूट का मामला दर्ज कराने के लिए खैर थाना पुलिस को तहरीर दी है. कोतवाल अरविंद राठी ने ऐसे किसी मामले की तहरीर न मिलने की बात कही है.
