वाराणसी : आए दिन अपने बागी तेवर दिखाने वाले ‘शॉटगन’ शत्रुघ्न सिन्हा आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी और पीएम मोदी के लिए सियासी ‘शत्रु’ साबित हो सकते हैं. दरअसल राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा जोर पकड़ रही है कि, शत्रुघ्न सिन्हा 2019 के आम चुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर वाराणसी से चुनाव लड़ सकते हैं और ऐसे में पूरा विपक्ष उनको समर्थन करेगा.
केजरीवाल भी ठोक चुके हैं दांव
इससे पहले उनके आम आदमी पार्टी से वाराणसी से चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे थे.कुछ दिन पहले वो आप के वाराणसी में हुए एक कार्यक्रम में शामिल भी हुए थे. बता दें कि, 2014 के लोकसभा चुनाव में आप संयोजक केजरीवाल ने मोदी के सामने ताल ठोंकी थी और वो दूसरे स्थान पर रहे थे.

हां मैं बागी नेता हूं- सिन्हा
लेकिन इधर समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम में लखनऊ पहुंचे शत्रुघ्न सिन्हा और यशवंत सिन्हा ने पीएम मोदी पर जमकर तीर चलाए. इतना ही नहीं अखिलेश यादव की जमकर तारीफ करते हुए शत्रु ने कहा कि, अखिलेश बहुत होनहार और प्यारे नेता है. वहीं, दूसरी तरफ बीजेपी को तेवर दिखाते हुए सिन्हा ने कहा कि अगर सच कहना बगावत है तो हां मैं बागी हूं.
असल में माना ये जा रहा है कि मोदी को वाराणसी में ही घेरने की रणनीति के तहत विपक्ष एक मजबूत और दमदार चेहरा चाह रहा है. इसी कड़ी में पहले हार्दिक पटेल का नाम आया और अब शत्रुघ्न सिन्हा को लेकर चर्चा है, क्योंकि बेबाक विचार रखने वाले बनारस के लोग अपने जैसा ही नेता चाहते हैं और शत्रुघ्न ने लोगों के दिलों में यह छाप छोड़ी है. शत्रुघ्न सिन्हा के वाराणसी से दांव खेलने के दो कारण हो सकते हैं पहला ये कि वो अपने जमाने के सुपरस्टार रह चुके हैं और दूसरा यह कि पूर्वांचल के लोगों में उनका काफी क्रेज है.
