अलीगढ़: जिले के शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की लेट-लतीफी और लापरवाही को लेकर अब कमर कस ली है. शिक्षा विभाग अब लापरवाह शिक्षकों को किसी भी कीमत पर बख्शने के मूड में नहीं है. शिक्षा महकमें की मनमानियों पर लगाम नगाने के लिए जिलाधिकारी अलीगढ़ ने टीचरों को भी टेक्नोलॉजी से जोड़ दिया है
ऐसे रखी जाएगी शिक्षकों पर नजर

दरअसल, अलीगढ़ के डीएम चंद्रभूषण सिंह ने शिक्षकों के लिए ई-अटेंडेंस यानि ऑन लाइन हाजिरी दर्ज कराने के आदेश दिए हैं. नए साल से सभी स्कूलों में मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए ई-अटेंडेंस से हाजिरी देनी होगी. इस एप की खासियत ये है कि, इसमें शिक्षक की ना केवल हाजिरी दर्ज होगी बल्कि समय और लोकेशन भी दर्ज हो जाएंगे.
ट्रेनिंग भी हो गई शुरू
डीएम के आदेश के बाद शिक्षा महकमे में टीचरों की ट्रेनिंग का काम भी शिद्दत से शुरू हो गया है. सभी शिक्षकों को ई-अटेंडेंस मोबाइल एप्लीकेशन की जानकारी दी जा रही है.
एप कैसे करेगा काम
इस मोबाइल एप्लीकेशन के लिए शिक्षकों को एंड्राइड मोबाइल लेना होगा. उनके मोबाइल को ई-अटेंडेंस मोबाइल एप्लीकेशन से जोड़ा जाएगा. और फिर इसी एप में सभी शिक्षकों को अपनी हाजिरी लगानी होगी. इश एप के जरिए शिक्षकों की लोकेशन बहुत आसानी से ट्रेस हो जाएगी. यानि मास्टर साहब अब स्कूल से गायब नहीं रह पाएंगे.
जिलाधिकारी कहिन, होगी कार्रवाई
अलीगढ़ के डीएम चंद्र भूषण सिंह का इस बारे में कहना है कि, ये नियम एक जनवरी से लागू किया जाएगा. सभी शिक्षकों को ट्रेनिंग का काम चल रहा रहै. इससे लेट-लतीफ शिक्षकों पर लगाम लगाई जा सकेगी औऱ स्कूलों में शिक्षा का वातावरण बनाया जा सकेगा. डीएम ने सख्ती दिखाते हुए ये भी कहा कि, इस एप्लीकेशन से छेड़छाड़ करने वाले शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
