मुबंई : 15 हफ्तों तक चले बिग बॉस 12 के नतीजे सामने आ गए है. शो के ग्रैंड फिनाले में क्रिकेटर एस. श्रीसंत को कड़ी टक्कर देते हुए दीपिका कक्कड़ विजेता बनीं. शो के फिनाले में पांच कंटेस्टेंट रह गए थे. इसमें सबसे पहले करणवीर बोहरा और रोमिल चौधरी एलिमिनेट हो गए थे औऱ शो के टॉप 3 की रेस में दीपिका कक्कड़, श्रीसंथ और दीपक ठाकुर पहुंचे.
आपको बता दें कि टीवी की पॉपुलर बहू रहीं दीपिका कक्कड़ अब बिग बॉस 12 की विनर बन गई हैं. 30 दिसंबर को बिग बॉस सीजन 12 का फिनाले हुआ. यहां सलमान खान ने दीपिका को विनर घोषित किया तो वहीं श्रीसंथ रनरअप रहे. विजेता की ट्रॉफी और 30 लाख रुपय जीतकर दीपिका की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
दीपिका के अलावा दीपक ठाकुर ने 20 लाख रुपए लेकर शो छोड़ दिया. इसी के साथ बिग बॉस 12 की विनर बनने के बाद दीपिका काफी इमोशनल होती नजर आईं. शो जीतते ही बिग बॉस के मंच को सलाम किया और रो पड़ीं. उन्हें सपोर्ट करने के लिए एक्ट्रेस के पति शोएब इब्राहिम और ननद सबा आई थीं.
दीपिका कक्कड़ का एक बयान भी सामने आया है उन्होंने बताया है कि बिग बॉस का सफर उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं था . शो में अक्सर दीपिका के वजूद पर सवाल उठाए जाते थे और श्रीसंथ के साथ उनके बॉन्ड को भी झूठा बताया गया.
दीपिका का कहना है कि जब सलमान खान ने विनर के तौर पर मेरा नाम लिया तो मुझे विश्वास ही नहीं हुआ तभी मैंने शोएब को देखा. मेरे पति और ननद रो रहे थे. मैं अपनी खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकती हूं. जिन लोगों ने मुझे समझा और पहचाना उनका शुक्रिया.’ उनका कहना है कि ‘मुझे पूरे सीजन में यकीन था अगर मैं ईमानदारी से चलूंगी तो मेरे फैंस मुझे जरूर समझेंगे और मेरा साथ देंगे. बिग बॉस का सफर मेरे लिए चैलेंज बन गया था.
