लखनऊ : 2019 के चुनाव में बीजेपी ने 303 सीट जीतकर केन्द्र में एनडीए की सरकार बना ली है, मगर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शपथ के 3 दिन बाद सेंटर ऑर मीडिया स्टडीज यानि सीएमएस की रिपोर्ट सामने आए है, जिसमें चुनाव में हुए खर्च का ब्यूरो दिखाया गया है, रिपोर्ट की खास बात ये है कि इस बार 2014 के मुकाबले दोगुना पैसा चुनाव में खर्च किया गया है और करीब 55 फीसदी खर्च अकेले बीजेपी नेतृत्व एनडीए ने किया है
दुनिया का सबसे महंगा चुनाव
ये कहना गलत नहीं होगा की 2019 का चुनाव दुनिया का सबसे महंगा चुनाव बन गया है, इस चुनाव में सभी दलों ने मिलकर करीब 60 हजार करोड़ रुपए खर्च किये हैं, इतनी बड़ी रकम दुनिया के कई देशों के बजट से भी ज्यादा है, अमेरिका में हुए चुनाव जिसमें ट्रंप की जीत हुई थी, उस चुनाव में सभी अमेरिकन दलों ने मिलकर करीब 40 हजार करोड़ रुपए खर्च किये थे
करीब 30 हजार करोड़ रुपए अकेले बीजेपी ने
रिपोर्ट में हर पार्टी का अलग खर्चा बताया गया है, जिसमें बीजेपी के बारे में बताया गया है की पार्टी ने करीब 30 हजार करोड़ रुपए पानी की तरह चुनाव में बहाए हैं, वहीं कांग्रेस गठबंधन ने कुल खर्च का 15-20 फीसदी खर्च किया है, CMS के मुताबिक पिछले 20 साल में आम चुनाव में होने वाला खर्च छह गुना यानी 9000 करोड़ रुपये से बढ़कर 60000 करोड़ रुपये हो गया है. दिलचस्प बात यह है कि भारतीय जनता पार्टी, जिसका खर्च 1998 के चुनाव में कुल खर्च का 20 फीसदी हुआ करता था, वो बढ़कर 50-55 फीसदी हो गया.
नकद में भी बांटा गया पैसा
रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रति लोकसभा सीट पर औसतन 100 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जबकि प्रति वोटर 700 रुपये का खर्चा हुआ है, रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि वोटिंग के ऐन पहले किस तरह मतदाताओं को नकद बांटा गया. यह पैसा मतदाताओं को प्रत्यक्ष और परोक्ष तौर पर सीट और प्रतिद्वंदी उम्मीदवारों की प्रोफाइल देखकर बांटा गया. मतदाताओं से बातचीत पर आधारित रिपोर्ट के मुताबिक कुछ सीटों पर 100-500 रुपये, कुछ पर 500-1000 रुपये और कुछ पर हज़ार से ज्यादा प्रति वोट दिए गए. इस तरह कुल 12 से 15 हजार करोड़ रुपये सीधे मतदाताओं पर खर्च हुए.
हाईप्रोफाइल सीटों पर बहाया गया खूब पैसा
विभिन्न राज्यों में कुछ लोकसभा सीटों पर जरूरत से ज्यादा खर्च हुए. इसमें उत्तर प्रदेश की अमेठी, सहारनपुर, कानपुर आजमगढ़; मध्यप्रदेश की गुना, जबलपुर, भोपाल; महाराष्ट्र की नागपुर, बारामती, नांदेड़; राजस्थान की जोधपुर, जयपुर, धौलपुर सीटें शामिल हैं. इसमें हैरानी की बात नहीं कि ये सीटें हाइ प्रोफाइल सीटें थीं जिन पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सपा के मुखिया अखिलेश यादव, ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्विजय सिंह व प्रज्ञा, नितिन गडकरी, सुप्रिया सूले और अशोक चव्हाण सरीखे दिग्गज अपनी किस्मत आजमा रहे थे.
