लखनऊ : नोएडा-गाजियाबाद समेत कई जिलों में गुरुवार की शाम से अचानक तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई. बारिश के साथ साथ बड़े बडे ओले भी गिरने लगे. अचानक शुरू हुई बारिश और ओलावृष्टि से सड़क पर चल रहे लोगों को बचने का भी मौका नहीं मिला. जैसे तैसे लोगों ने पेड़ों और दुकानों के शेड के नीचे छिपकर ओलों से राहत पाई. करीब 3 घंटे हुए भारी बारिश से ट्रैफिक की रफ्तार भी थम गई.
अगले 72 घंटे तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार बारिश का यह सिलसिला सात मार्च तक जारी रहेगा. आठ और नौ मार्च को मौसम ठीक रहेगा लेकिन 10 मार्च को फिर बदली और बारिश के आसार हैं. होली के दिन भी इस बार फुहारें भिगो सकती हैं. मौसम में यह उठा-पटक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हो रही है. पहाड़ी इलाकों में जहां बर्फबारी हो रही है, वहीं मैदानी इलाकों में भी बारिश हो रही है.
कानपुर में हुई रिकॉर्ड बारिश
बुधवार को सुबह से बादलों की आवाजाही लगी थी. दिन ढलते-ढलते आसमान को बादलों ने घेर लिया. तेज हवा के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने लगी. अमौसी, आशियाना के आसपास कई स्थानों पर ओले भी गिरे. कानपुर में भी तेज बारिश के साथ ओले गिरे। यहां 14.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा झांसी, मेरठ, उरई, हमीरपुर में भी बारिश हुई. राजधानी में अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वातावरण में नमी 94 फीसद रही
