अलीगढ़ : जिले में 23 फरवरी को हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने बुधवार को गोलीकांड के मुख्य आरोपी समेत 6 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. 23 फरवरी को अलीगढ़ के ऊपरकोट में आगजनी, पथराव, फायरिंग के साथ जमकर बवाल हुआ था. इस मामले में फायरिंग करने और दंगा भड़काने के आरोप में पुलिस ने विनय वार्ष्णेय समेत 6 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पुलिस पर भी हुआ था पथराव
23 फरवरी को हुए विवाद के दौरान अलीगढ़ में दो समुदाय के लोगों के बीच संघर्ष की स्थितियां बन गई थीं. इस दौरान प्रदर्शनकारी महिलाओं ने पुलिस पर पथराव कर दिया था. जबाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी प्रदर्शनकारियों को बल प्रयोग कर खदेड़ा था. हिंसा के दौरान एक युवक को गोली लगी थी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था.
कई महिलाओं के खिलाफ भी केस
पुलिस इस मामले के दोषियों की तलाश कर रही थी. इसी दौरान बुधवार देर रात विनय वार्ष्णेय को गिरफ्तार किया गया. साथ ही एक अन्य मामले में पांच अन्य लोग गिरफ्तार किए जाने के बाद जेल भेज दिए गए. पुलिस के अनुसार, हिंसा के मामले में गिरफ्तार लोगों को जेल भेज दिया गया है. इसके अलावा 23 फरवरी की घटना के मामले में कुछ महिलाओं पर भी केस दर्ज किया गया है, जिनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
