सीएम योगी ने पुत्रधर्म से पहले निभाया राजधर्म, परिवार से कहा- हो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन

अपना लखनऊ होमपेज स्लाइडर

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का सोमवार को निधन हो गया. कोरोनावायरस के कारण देश में लगाए गए लॉकडाउन के चलते योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं होंगे.

परिवार के नाम लिखा पत्र

सीएम योगी आदित्यनाथ ने फैसला किया है कि वो कोरोनावायरस के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन का पालन करेंगे. योगी ने इस संबंध में परिवार को एक बहुत ही भावुक कर देने वाली चिट्ठी भी लिखी है, जिसमें उन्होंने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल न होने की बात कही है. साथ ही परिवार से कहा है कि वो भी लॉकडाउन का पालन करें और कम से कम लोग अंतिम संस्कार में शामिल हों.

पत्र में पिता को किया याद

योगी ने अपनी चिट्ठी में लिखा, “अपने पूज्य पिताजी के कैलाशवासी होने पर मुझे भारी दुख एवं शोक है. वे मेरे पूर्वाश्रम के जन्मदाता हैं. जीवन में ईमानदारी, कठोर परिश्रम एवं निस्वार्थ भाव से लोक मंगल के लिए समर्पित भाव के साथ कार्य करने का संस्कार बचपन में उन्होंने मुझे दिया. अंतिम क्षणों में उनके दर्शन की हार्दिक इच्छा थी परंतु वैश्विक महामारी कोरोनावायरस के खिलाफ देश की लड़ाई को उत्तर प्रदश की 23 करोड़ जनता के हित में आगे बढ़ाने का कर्तव्यबोध के कारण मैं न कर सका.”

पिता को अर्पित की श्रद्धांजलि

इसके बाद उन्होंने लिखा, “कल 21 अप्रैल को अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में लॉकडाउन की सफलता तथा महामाी कोरोना को परास्त करने की रणनीति के कारण भाग नहीं ले पा रहा हूं. पूजनीया मां, पूर्वाश्रम से जुड़े सभी सदस्यों से अपील है कि वे लॉकडाउन का पालन करते हुए कम से कम लोग अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में रहें. पूज्य पिताजी की स्मृतियों को कोटि-कोटि नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा हूं. लॉकडाउन के बाद दर्शनार्थ आऊंगा.”

 

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *