अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में स्थित अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में शनिवार को छात्रसंघ चुनाव की मतगणना हुई. तड़के 4 बजे चुनाव का परिणाम जारी किया गया. शहर के युवा नेता और एएमयू सोशल वर्क विभाग के रिसर्च स्कॉलर सलमान इम्तियाज ने अध्यक्ष पद पर अपनी जीत दर्ज करवायी. सलमान इम्तियाज को 5705 वोट मिले
ऐसा 44 साल के बाद देखने को मिला है कि अध्यक्ष पद पर अपनी जीत सुनिश्चित करने वाला छात्र अलीगढ़ का है. इस जीत के बाद सलमान इम्तियाज ने अपने लिए विश्वविद्यालय के पन्नों पर इतिहास रच दिया. आपको बता दें कि 1974 में अलीगढ़ के मुर्शिद खान ने अध्यक्ष पद पर अपनी जीत दर्ज की थी. एएमयू इम्पलाइज यूनियन के महासचिव डॉ. सलीम अख्तर ने बताया कि एएमयू आवासीय विश्वविद्यालय हैं जहां 20,000 से ज्यादा छात्र छात्रा छात्रावासों में रह रहे हैं. आम तौर पर ऐसा होता है कि अध्यक्ष पद पर छात्रावास में रहने वाले बाहर के छात्र को ही जीत मिलती रही है.
अन्य पदों की बात करें तो सचिव पद पर हुजायफा आमिर रशादी ने कब्जा किया. हुजायफा को कुल 5730 वोट मिले. हुजायफा की ये जीत 2818 मत से रही. इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर हमजा सुफियान ने जीत हासिल की. हम्जा को कुल 5577 वोट मिले. एएमयू छात्र संघ चुनाव में 19 हजार मतदाताओं में से 65 प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया और शाम 7 बजे से मतों की गनती शुरू की गयी.
अध्यक्ष पद के विजेता महानगर के ऊपरकोर्ट निवासी सलमान इम्तियाज के खिलाफ अमरोहा के मो. गजनवी खड़े थे. सचिव पद पर जीत दर्ज करने वाले हुजायफा आमिर राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल के अध्यक्ष आमिर रशादी के बेटे हैं. परिणाम सामने आते ही विजयी रहे उम्मीदवारों के समर्थकों ने आतिशबाजी कर जीत की खुशी जाहिर की. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल और विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह से चौकस था. यूनिवर्सिटी सर्किल पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात करायी गयी थी.
इस चुनाव में अध्यक्ष पद पर सलमान इम्तियाज, गजनवी, मो. अलाउद्दीन, मुबाशिर हुसैन शाह और असद मुर्तजा मैदान में एक दूसरे को टक्कर दे रहे थे. वहीं उपाध्यक्ष पद पर एमए के यासीन गाजी, एमएसडब्लू के जैद शेरवानी, एमए के हमजा सुफियान, मो. आरिफ खान और एमटेक के सोनवीर सिंह आमने-सामने थे. सचिव पद पर एमए के हुजैफा आमिर, पीएचडी के सलमान अहमद, गुफरान अली और एमए के मो. सुफियान एक-दूसरे के साथ मुकाबला कर रहे थे.
ये हैं परिणाम
सचिव हुजायफा आमिर रशादी 5731
प्रेसिडेंट सलमान इम्तियाज 5705
वाइस प्रेसिडेंट हमजा सुफियान 5577
