नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार की रात 8 बजे देश को संबोधित किया. इस संबोधन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने देश में चौथे लॉकडाउन की धुंधली तस्वीर को भी साफ कर दिया. पीएम ने कहा कि, 18 मई से देश में नए रूप और नए रंग का लॉकडाउन लागू हो जाएगा जिसकी जानकारी 17 मई से पहले दे दी जाएगी. इस लॉकडाउन के लिए नए नियम तय किए जाएंगे ताकि, दूसरे बाकी कामो के साथ तालमेल बैठाया जा सके. इस दौरान सभी लोग दो गज की दूरी का पालन जरुर।
जीवन का हिस्सा रहेगा कोरोना
अपने संबोधन में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि, अब सभी एक्सपर्ट बताते हैं वैज्ञानिक बताते हैं कि, कोरोना लंबे समय तक हमारे जीवन का हिस्सा बना रहेगा. लेकिन हम ऐसा नहीं होने दे सकते कि, हमारी जिंदगी केवल कोरोना के इर्द-गिर्द ही समिटकर ना रह जाए. इसलिए हम मास्क पहनेंगे दो गज की दूरी का पालन करेंगे लेकिन अपने लक्ष्यों को दूर नहीं होने देंगे.
सीएम के साथ बैठक में पीएम ने दिए थे संकेत
दरअसल, मुख्यमंत्रियों के साथ हुई बैठक में भी पीएम मोदी ने कम पाबंदियों के साथ ज्यादा छूट के साथ लॉकडाउन जारी रहने के संकेत दिए थे. लॉकडाउन किस रूप में आगे बढ़ाया जाए इसको लेकर भी पीएम ने सभी मुख्यमंत्रियों से 15 मई तक सुझाव मांगे हैं. केवल 7 राज्य ही लॉकडाउन बढाए जाने के पक्ष में हैं, ज्यादातर मुख्यमंत्री कंटेनमेंट जोन और हॉटस्पॉट को छोड़कर बाकी हिस्सों में गतिविधियां शुरू किए जाने के पक्ष में हैं.
20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज का ऐलान
इस संबोधन में पीएम मोदी ने देश के लिए बड़े आर्थिक पैकेज का ऐलान किया. पीएम ने 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज का ऐलान करते हुए कहा कि, 20 लाख करोड़ का ये पैकेज ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ को नई गति देगा. इस कोरोना काल में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूूरा करने के लिए सभी पर ध्यान दिया गया. पीएम ने कहा कि, सरकार ने हाल में कोरोना संकट से जुड़ी जो आर्थिक घोषणाएं की थीं वो रिजर्व बैंक के फैसले थे और आज जिस आर्थिक पैकेज का ऐलान हो रहा है उसे जोड़ दें तो ये सब करीब-करीब 20 लाख करोड़ का है जो भारत की जीडीपी का 10 फीसदी है.
