नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली की सड़कों पर अपने वाहनों से चलने वाले लोगों के लिए बुरी खबर है. दिल्ली में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण के स्तर से परेशान सरकार जल्द ही ऑड-इवन फॉर्मूले को दोबारा से अप्लाई कर सकती है. दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने इस बात का इशारा दिया है.
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, हम दिल्ली की तमाम जगहों पर पेड़ लगाने का अभियान चला रहे हैं. इसके साथ ही लोग ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करें, इसके लिए 3 हजार बसें खरीदने का फैसला लिया गया है. केजरीवाल ने कहा, ‘हमने सबसे बड़े मेट्रो चरणों में से एक को मंजूरी दे दी है. अगर जरूरत पड़ी, तो हम ऑड-ईवन योजना को लागू करेंगे.’

हर कोई उठाएगा जिम्मेदारी
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजधानी में बढ़ते प्रदूषण की जिम्मेदारी यहां रहने वाले हर शख्स की है. ऐसे में हर किसी को इसे खत्म करने के लिए अपना योगदान देना होगा. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दिसंबर का महीना बीतने को है, लेकिन राजधानी में प्रदूषण का स्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा है. अगर जनवरी के शुरुआती 10 दिन भी ऐसे ही हालात रहते हैं तो राजधानी दिल्ली में दोबारा से आड-इवन स्कीम को जारी किया जाएगा.
