नई दिल्लीः चाउमीन एक ऐसा जंक फूड है जो बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को बेहद पंसद होती है. इसके कम दाम होने की वजह से भी लोग इसे खाना ज्यादा पंसद करते है. हर थोड़ी दूर पर कहीं ना कहीं आपको चाउमीन बहुत ही आसानी से मिल ही जाती है. लेकिन क्या आपको पता है ये चाउमीन कई बार जानलेवा भी बन जाती है. अगर आप या आपके बच्चों को भी चाउमीन बेहद पंसद है और अक्सर आप इसको खाते है तो हो जाइए सावधान. चाउमीन कैसे एक 3 साल के बच्चे के लिए जानलेवा बन गई इस बारे में आइए आपको बताते है.
बच्चे ने पिता से की चाउमीन खाने की जिद
दरअसल मामला हरियाणा के यमुनानगर का है. जहां 3 साल का बच्चा उस्मान अपने परिवार के साथ रहता था. कुछ दिनों पहले वो अपने पिता के साथ चाउमीन खाने की जिद करने लगा. जिसके बाद उसके पिता उसे पास ही एक ठेले पर चाउमीन खिलाने लेकर गए. जहां उसने स्वाद-स्वाद में चाउमीन के साथ मिली चटनी कुछ ज्यादा ही खा ली जो उसके लिए जानलेवा साबित हुई. चटनी ज्यादा खाने से उस बच्चे के दोनों फेंफडे फट गए और उसका शरीर काला पड़ गया. जिसके बाद उसके परिजन उसे अस्पताल लेकर गए. जहां अचानक ही उसका ब्लर्ड प्रेशर भी शून्य के करीब पहुंच गया.
3 बार हार्ट ने काम करना किया बंद
डॉक्टरों ने बच्चे का ऑपरेशन कर चेस्ट ट्यूबें डालीं. इलाज के दौरान 3 बार बच्चे के हार्ट ने काम करना बंद कर दिया और वो बच्चा 16 दिन तक वेंटिलेटर पर रहा. काफी मेहनत के बाद डॉक्टर उस बच्चे को बचाने में सफल रहे. बच्चे के पिता मंजूर के हाथ पर भी वो चटनी गिर गई थी जिससे उनका हाथ भी जल गया था. डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की ये हालात चाउमीन के साथ मिली चटनी खाने की वजह से हुई. चटनी में एसिटिक ऐसिड मिला हुआ था. जिसकी वजह से उसके ऑर्गन अंदर से जल चुके थे. डॉक्टरों ने कहा कि ऐसा पहला केस उनके सामने आया है.
विशेषज्ञों के अनुसार एसिटिक ऐसिड को स्वाद बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. ये चटनी सेहत के लिए बेहद हानिकारक होता है. चाट विक्रेता भी इस ऐसिड का प्रयोग गोलगप्पे के पानी को टेस्टी बनाने के लिए करते हैं.
