Lucknow: उत्तर प्रदेश सरकार ( Uttar Pradesh ) ने 7 अक्टूबर 2025 (मंगलवार) को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( CM Yogi ) ने यह फैसला महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर लिया है. इस दिन प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे, सरकारी आदेश के मुताबिक ये अवकाश पूरे राज्य में मान्य होगा और सभी जिलों में लागू रहेगा। आदेश की कॉपी सभी विभागों, जिलाधिकारियों और संबंधित संस्थानों को भेज दी गई है।
सीएम योगी का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावस्ती में कहा कि, ‘7 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि की जयंती पर प्रदेश में छुट्टी रहेगी। हर देव मंदिर में रामायण का अखंड पाठ आयोजित किया जाएगा।’ अवकाश के संबंध में सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने हैंडल(@myogiadityanath) से एक पोस्ट भी साझा किया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार हमेशा जनता की भावनाओं और परंपराओं का सम्मान करती है। ऐसे अवसरों पर अवकाश देने से लोगों को अपने परिवार और समाज के साथ जुड़ने का अवसर मिलता है।
छुट्टी का असर
- प्रदेशभर के सरकारी और प्राइवेट स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।
- सभी बैंकों और वित्तीय संस्थानों में लेन-देन नहीं होगा।
- सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज नहीं होगा।
- जरूरी सेवाएँ जैसे अस्पताल, पुलिस, एम्बुलेंस और बिजली-पानी की सप्लाई सामान्य रूप से चालू रहेंगी।
लोगों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है और इसे परंपरा एवं संस्कृति के सम्मान की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है।
