Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की जिला जेल में बंद समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के पूर्व मंत्री और विधायक गायत्री प्रसाद प्रजापति (Gayatri Prajapati ) पर मंगलवार शाम जेल में एक कैदी ने सिर पर कई वार कर दिए. कैंची से हुए इस हमले में प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए इन हालात मेंउन्हें जेल अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, यहां उनके सिर में करीब 10 टांके लगाए गए.फिर बेहतर इलाज के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच राजधानी के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया. इस घटना के बाद प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मचा है. गायत्री प्रसाद प्रजापति गैंगरेप मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं और पिछले साढ़े आठ वर्षों से जेल में बंद हैं।
कहां और कैसे हुई घटना
बताया जा रहा है कि, प्रजापति पर हमले की घटना जेल के अस्पताल वार्ड में हुई, यहां गायत्री प्रजापति अपनी कई बीमारियों का इलाज करा रहे हैं. मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे सफाई ड्यूटी पर तैनात कैदी विश्वास से हुई तीखी बहस के दौरान नाराज कैदी ने मेज की दराज से कैंची निकाल ली और प्रजापति के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. इसी बीच हंगामा और चीख-पुकार सुनकर बाकी कैदी और जेलकर्मी वहां पहुंचे ।
परिवार का अस्पताल में हंगामा
जेल में बंद गायत्री प्रसाद प्रजापति की पत्नी महाराजी प्रजापति अमेठी से सपा विधायक हैं हालांकि, राज्यसभा चुनाव के दौरान उन पर बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने के आरोप लगे थे वो बागियों की लिस्ट में शामिल थीं. देर रात महाराजी भी केजीएमयू पहुंचीं. उनकी बेटी अंकिता प्रजापति ने इस दौरान कहा कि “मेरे पिता निर्दोष हैं, साढ़े आठ साल से जेल में सड़ रहे हैं, और अब जान से मारने की कोशिश। वे बिल्कुल असुरक्षित हैं. उनकी बेटी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा कि वो हमसे मिलें, हमारी बात सुनें, हमारे पिता आतंकवादी नहीं हैं।” अंकिता ने पिता की हालत गंभीर बताते हुए डॉक्टरों पर जानकारी न देने का आरोप लगाया।
गायत्री प्रजापति ने क्या बताया
इस हमले को लेकर गायत्री प्रजापति ने कहा, ” वो हमलावर विश्वास एक शातिर अपराधी है, जो काफी लंबे समय से जेल में बंद है. मेरी जान बच गई. यह सब अचानक हुआ, मेरा किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था. वहीं जेल सूत्रों के अनुसार, विवाद साफ-सफाई को लेकर हुआ, जिसमें प्रजापति ने कैदी को डांट लगा दी थी।
वीडियो-
अखिलेश ने की न्यायिक जांच की मांग
इधर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ( Akhilesh Yadav ) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, “भूतपूर्व विधायक व उप्र सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रजापति पर जेल में हुए जानलेवा हमले की निष्पक्ष न्यायिक जांच हो। यूपी में कहीं भी, कोई भी सुरक्षित नहीं है!!”
