कानपुर:- कोरोना वायरस के मद्देनजर चमनगंज की सड़कों पर सुबह से ही पुलिस मुस्तैदी से लॉकडाउन का पालन करवाने में लगी हुई है. सड़कों पर पुलिस द्वारा अनाउंसमेंट कर कोरोना वायरस को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है और अपील की जा रही है कि सभी लोग अपने-अपने घरों में रहे. अनाउंसमेंट के जरिए बताया जा रहा है किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान ना दे. जिसके बाद चमनगंज पुलिस अब फालतू घूमने वाले लोगों पर सख्ती करती नज़र आ रही है. चमनगंज थाना प्रभारी राजबहादुर सिंह के सख्त तेवरों के चलते लोग अब लॉक डाउन का पालन करने को मजबूर हैं और अपने-अपने घरों में कैद हैं.
हो रहा लॉकडाउन का पालन
जिलाधिकारी द्वारा दिए गए आदेशों के चलते क्षेत्र में लगातार ड्रोन कैमरो तथा सीसीटीवी कैमरो के माध्यम से मॉनेटरिंग की जा रही है. जान बूझकर लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही भी अमले में लाई जा रही है. क्षेत्र से लगातार मिल रहे कोरोना संकृमित लोगों की रोकथाम के चलते थाना प्रभारी दिन-रात एक कर अपने पुलिस बल के साथ पैदल गश्त करते देखने को मिल रहे हैं. लाउड हेलर द्वारा लोगों से घरों में रहने व सोशल डिस्टनसिंग का पालन करने की अपील भी करते नज़र आ रहे हैं जिसका असर अब क्षेत्र में साफ देखने को मिल रहा है.

चौकसी हुई तेज
कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन की अवधि बढ़ा दी गई है. लॉकडाउन दोबारा बढ़ने के बाद चमनगंज में पुलिस चौकसी तेज कर दी गई हैं. लेकिन बैंक, गैस एजेंसी, सब्जी विक्रेता, आदि जगहों पर लॉकडाउन के बावजूद लोगों की भीड़ की वजह से शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो पा रहा है. जो भविष्य के लिए घातक साबित हो सकता है. हालांकि पुलिस कर्मी अपनी जान और अपने स्वास्थ्य की परवाह किये बिना अपनी ड्यूटी पर डटे हुए है. थानाध्यक्ष राजबहादुर सिंह ने बताया कि बाजार में महिलाओं की अधिक आवाजाही के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है.
अपना उत्तर प्रदेश के लिए कानपुर से वरिष्ठ संवाददाता फैज़ान हैदर की रिपोर्ट।
