नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव की तैयारियों में लगभग सभी पार्टियां जुट गई हैं और एक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने में जुटी हुई हैं. यूपी में सपा-बसपा ने गठबंधन के औपचारिक एलान के लिए शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की, तो अब रविवार को कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी योजनाओं को साझा किया. कांग्रेस नेता ने लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस की.
पार्टी के यूपी प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने प्रेस कांफ्रेस के जरिये बीजेपी के सवालों का जवाब दिया. उन्होंने कहा कि “पीएम नरेंद्र मोदी हमेशा ही सवाल उठाते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया? मैं इसी से अपनी बात शुरू करता हूं. आजाद ने कहा कि देश को आजादी दिलाने की जिम्मेदारी कांग्रेस ने ली और महात्मा गांधी और पंडित नेहरु के नेतृत्व में देश को आजादी दिलाई. छोटे-छोटे हिस्सों में बंटे देश को एकजुट किया. देश के हर कमजोर हिस्सों को ताकतवर बनाने का काम किया.”
रोजगार के मुद्दे को बनाया निशाना
उन्होंने रोजगार को लेकर बीजेपी सरकार को घेरा और कहा कि “मोदी सरकार ने युवाओं को 10 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था लेकिन नोटबंदी और जीएसटी के गलत कार्यान्वयन के कारण लाखों नौकरियां चली गईं. मध्यम व छोटे उद्योग बुरी तरह प्रभावित हुए.”
कांग्रेस और बीजेपी में है सीधी लड़ाई
गुलाम नबी आजाद यहीं नहीं रुके उन्होंने आने वाले चुनाव के लिए बीजेपी को चुनौती देने के लहजे में कहा कि “लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी की सीधी लड़ाई है. हम यूपी की सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में डटकर चुनाव लड़ेंगे और परिणाम से लोगों को चौंका देंगे.”
