लखनऊ: लॉकडाउन के दौरान ट्रेन से वापस घर लौटे मजदूरों को लेकर सियासी खींचतान जारी है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि बहुत सारे ऐसे मजदूर हैं जिन्होंने अपनी ट्रेन का टिकट खुद खरीदा है और उसके बाद उत्तर प्रदेश पहुंचे हैं. वहीं कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने ट्वीट में लिखा, ”हमने अमेठी और रायबरेली के डीएम से दूसरे राज्यों से आए लोगों की सूची मांगी है.
अदा करेंगे रेल भाड़ा
जिससे हम टिकट के पैसे उन्हें दे सके. यहां के लिए दो सहायता नंबर भी हैं, जिन पर टिकट की फोटो, पता भेजने से कांग्रेस आपका रेल भाड़ा अदा करेगी.” वहीं, वीडियो प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री जी को पत्र लिखकर मजदूरों की लिस्ट मांगी थी लेकिन सरकार के तरफ से कोई जबाब नहीं आया.


यूपी सरकार पर लगाया आरोप
उन्होंने कहा कि यह सरकार मजदूरों के साथ जो बर्बर और अमानवीय व्यवहार कर रही है, उसे भूलाया नहीं जा सकेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी सरकार भूखे-प्यासे मजदूरों को जलपान कराने की भी अनुमति नहीं दे रही है. कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि मजदूरों की हरसंभव मदद को हम तैयार हैं, लेकिन सरकार अनुमति नहीं दे रही है.
