नई दिल्ली/लखनऊ: देश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है, बीते 24 घंटों में 3 लाख 79 हजार से अधिक नए मामले सामने आए. इतनी बड़ी संख्या में पहली बार इतने मामले दर्ज किए गए हैं. इन्हें मिलाकर अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या 1,83,68,096 हो गई है. इस दौरान 3,646 मौतें भी हुई. महाराष्ट्र में 1,035 और दिल्ली में 368 और लोगों ने जान गंवाई है. इस तरह अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 2,04,812 हो गई है.दक्षिण भारत के राज्यों केरल और कर्नाटक में भी तेजी से मामले बढ़ रहे हैं।
सबसे ज्यादा नए केस वाले राज्य
राज्य- नए मामले- कुल संक्रमित (लाख में)
महाराष्ट्र 63,309 44.73
उत्तर प्रदेश 29,751 11.82
केरल 35,013 14.95
कर्नाटक 39,830 14.39
छत्तीसगढ़ 15,563 6.97
राजस्थान 16,613 5.63
गुजरात 14,120 5.38
तमिलनाडु 16,665 11.30
मध्य प्रदेश 12,758 5.38
रिकवरी रेट भी घटा
सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना मरीजों के ठीक होने की दर गिरकर 82.33 फीसद और मृत्युदर 1.12 फीसद हो गई है।
तेजी से बढ़े मामले
कोरोना की दूसरी लहर में मामलों में तेजी से इजाफा दर्ज किया गया. देश में कोरोना संक्रमित हुए लोगों का आंकड़ा पिछले साल सात अगस्त को 20 लाख के पार हुआ था. इसी तरह 50 लाख का आंकड़ा 16 सितंबर और एक करोड़ का आंकड़ा 19 दिसंबर के पार हुआ था जबकि 1.50 करोड़ का आंकड़ा इसी महीने की 19 तारीख को पार हुआ।
