आगरा : उत्तर प्रदेश में कोरोना के संदिग्ध पाए जाने की खबर से राज्य में हड़कंप मच गया था. हालांकि अब यह बात सामने आई है कि आगरा के जिन 6 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था, उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है.
पार्टी में गए थे सभी लोग
आगरा में कोरोना वायरस से संक्रमित एक रिलेटिव की पार्टी में गए 16 लोग और उनके बच्चों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है. पहले यह बात सामने आई थी कि इन 16 लोगों में से 6 लोग कोरोना से संक्रमित हैं, लेकिन जांच के बाद सभी सैंपल में पाया गया कि ये लोग कोरोना से प्रभावित नहीं हैं. बताते चलें कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने अपना एक बयान जारी किया था, जिसमें बताया गया था कि आगरा में 6 लोगों में कोविड 19 (Coronavirus) के लक्षण मिले हैं. उन्हें अलग-थलग कर इलाज किया जा रहा है.
इटली से आया था रिश्तेदार
गौरतलब हो कि आगरा के कारोबारी दो भाई और उनका परिवार दिल्ली के एक रिश्तेदार परिवार के साथ इटली गए थे. 25 फरवरी को वह परिवार सहित वापस भारत लौटे थे. वापस लौटने के बाद दिल्ली के रिश्तेदार परिवार के एक सदस्य को सर्दी जुकाम हुआ. शक होने पर जांच कराई तो कोरोना वायरस की पुष्टि हुई. सोमवार को आगरा निवासी कारोबारी परिवार को जब जानकारी हुई तो संदेह के चलते वो भी जिला अस्पताल जांच के लिए पहुंचे.
सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस से संबंधित जानकारी और मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. इससे स्टेट हेडक्वार्टर में फोन कर कोरोना वायरस को लेकर अपनी शंकाओं का लोग समाधान कर सकते हैं. कोई थी व्यक्ति प्रदेश सरकार द्वारा जारी 18001805145 नंबर पर फोन कर इसके बारे में जानकारी ले सकता है.
