अलीगढ़/हाथरस: सोशल मीडिया पर एक फौजी का वीडियो वायरल हो रही है. इस वीडियो में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का एक जवान कथित तौर पर पान सिंह तोमर (Pan Singh Tomar) बनने की चेतावनी दे रहा है. जवान का कहना है कि, वो जमीन पर कब्जे से परेशान है और बीते 1 साल से प्रशासन उसकी मदद नहीं कर रहा है.
हाथरस का जवान छत्तीगढ़ में तैनात है
हाथरस (Hathras) के ब्लॉक मुरसान कटेला निवासी प्रमोद कुमार केंद्रीय रिजर्व पुलिस (CRPF) की 74वीं बाटालिन में तैनात है. इन दिनो वह छत्तीसगढ़ में तैनात है. उसका आरोप है कि, ‘उसके चाचा ने उसके खेत पर कब्जा कर लिया है. और उसके परिवार वालों का उत्पीड़न कर रहे हैं. मेरे भाई और भाई को प्रताड़ित किया जा रहा है. एक भाई अभी भी लापता है’
देश के लिए तैयार तो भाईय़ों के लिए बन जाऊंगा पान सिंह
जवान प्रमोद कुमार का कहना है कि, जब वो देश के लिए जान देने को तैयार है तो अपने भाईयों के लिए पान सिंह तोमर (Pan Singh Tomar)भी बन सकता है. अगर जमीन के मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वो फौजी से बागी बने पानसिंह तोमर का रास्ता अपना लेगा.
यूपी और छत्तीसगढ़ के सीएम से सैनिक की अपील
प्रमोद ने इस मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ (Cm Yogi Adityanath) से भी अपील की है. उनका कहना है कि, सीओ लेकर डीएम तक इंसाफ के बजाए केवल आश्वासन ही मिला है. वहीं घर ना जाने की विवशता के चलते उन्होंने छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) से भी मदद की अपील की है.
