दिल्ली/लखनऊ: सेना में भर्ती के लिए बनाई गई अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है. यूपी और बिहार में प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनें फूंक दीं. कई जगह रेलवे ट्रैक और सड़क जाम किया गया. वहीं, यूपी के बलिया में सुबह पांच बजे से प्रदर्शन शुरू हो गया. यहां कई गाड़ियों के शीशे तोड़े गए. पुलिस ने एक उपद्रवी को हिरासत में लिया है. फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर 4 बसों में तोड़फोड़ करके जाम लगाया गया. हरियाणा के नारनौल में भी युवाओं ने जाम लगा दिया है।
सरकार ने बढाई एज लिमिट
केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना के तहत भर्ती के लिए अपर एज लिमिट 21 साल से बढ़ाकर 23 साल करने का ऐलान किया है। हालांकि, यह छूट केवल इसी साल के लिए लागू होगी। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, पिछले दो साल में कोई भर्ती नहीं होने के कारण यह फैसला लिया गया है। इससे पहले अग्निवीर बनने के लिए पहले निर्धारित आयु सीमा 17.5 साल से 21 साल थी।
