नई दिल्ली : आईएनएक्स मीडिया केस में पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम फिलहाल सीबीआई की रिमांड पर हैं और बीते एक महीने से तिहाड़ जेल में बंद हैं. मगर अब जानकारी सामने आ रही है की अब ईडी की टीम 16 अक्टूबर को तिहाड़ में उनसे पूछताछ करेगी और जरूरत पड़ी तो गिरफ्तार भी कर सकती है.
तिहाड़ जाकर करेगी पूछताछ
ईडी की एक टीम बुधवार की सुबह तिहाड़ जेल जाकर चिदंबरम से पूछताछ करेगी और उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है. मनी लांड्रिग एक्ट के तहत ईडी ने चिदंबरम से पूछताछ के लिए उन्हे रिमांड पर लेने की अपील कोर्ट से की थी जिसका चिदंबरम के वकीलों ने विरोध किया था. इस बारे मे कोर्ट ने मंगलवार की शाम को फैसला देने को कहा था. आज कोर्ट ने कहा कि ईडी चिदंबरम से तिहाड़ मे जा कर पूछताछ करे और यदि उसे जरूरत महसूस हो तो वो गिरफ्तार कर सकती है.
चिदंबरम जांच में सहयोग नहीं कर रहे- ईडी
ईडी का दावा है कि चिदंबरम जांच मे सहयोग नहीं कर रहे हैं. ऐसे मे संभावना है कि ईडी उन्हें गिरफ्तार करेगी और कोर्ट से रिमांड मांगेगी. इस घोटाले में आरोप है कि तमाम नियम कानूनों को ताक पर रख कर वित्त मंत्रालय एफआईपीबी के तहत आईएनएक्स मीडिया ग्रुप को 305 करोड़ रुपये विदेशों से लाने की इजाजत दी और अलग अलग दो आदेश निकाले. उस समय वित्त मंत्री के पद पर पी चिदंबरम थे. आरोप है कि अपने बेटे कार्ति को फायदा पहुंचाने के लिए चिदंबरम ने ये कदम उठाया था.
