नई दिल्ली : जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में देशविरोधी नारेबाजी केस में छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार, उमर खालिद और अनिर्बान भट्टाचार्य समेत दस आरोपियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है. सोमवार को पटियाला हाउस कोर्ट में दाखिल की गई 1200 पन्नों की चार्जशीट में कन्हैया कुमार, उमर खालिद, अनिर्बान भट्टाचार्य, मुजीब हुसैन, आकिब हुसैन, मुनीब हुसैन, उमर गुल, बशीर भत, राईए रसूल, शेहला रशीद, अपराजिता राजा समेत कई लोगों के नाम है. पटियाला हाऊस कोर्ट चार्जशीट पर संज्ञान लेने हुए मंगलवार को फैसला सुनाएगी.
इस चार्जशीट में कहा गया है कि जेएनयू में देश विरोधी नारे 7 कश्मीरी छात्रों ने लगाए थे औऱ उमर खालिद इस सभी आरोपियों के संपर्क में था. जेएनयू में आयोजित कार्यक्रम में भी उसे बुलाया गया था. इन पर IPC की धारा 124A, 147, 149 और 120B के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. जानकारी के लिए बता दें कि चार्जशीट में कॉलम 12 में 36 आरोपियों का नाम है. इनमें छात्र संघ की नेता शेहला रशीद और सीपीआई सांसद डी राजा की बेटी अपराजिता राजा का भी नाम है. साथ ही कन्हैया कुमार के खिलाफ नारे लगाने का कोई सबूत नहीं है लेकिन उन पर नारे लगाने वालों का समर्थन करने का आरोप है.
आपको बता दें 9 फरवरी 2016 को दिल्ली स्थित JNU परिसर में संसद हमले का दोषी अफजल गुरू को फांसी पर लटकाए जाने के विरोध में कार्यक्रम आयोजित करने का आरोप है. साथ ही इन पर कार्यक्रम के दौरान भड़काऊ भाषण देने की धाराओं में भी मामला दर्ज किया गया है. इसके लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कई राज्यों का दौरा कर जांच की है. इस मामले में बीजेपी के नेताओं ने जेएनयू को देशद्रोहियों का अड्डा तक बताया था. उन दिनों कन्हैया कुमार की गिफ्तारी का भी काफी विरोध हुआ और कई छात्र संगठन सड़कों पर भी उतरे थे. हालांकि कन्हैया कुमार विभिन्न मंचों से दिल्ली पुलिस को इस केस में चार्जशीट दाखिल करने की चुनौती दे चुके हैं.
