सुलतानपुर: बीएसपी सुप्रीमो मायावती को सबक सिखाने के लिए बसपा से निष्कासित यूपी के पूर्व पर्यटन मंत्री रहे विनोद सिंह ने आज एक पत्र जारी करते हुए सुल्तानपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी एवं केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को अपना समर्थन देने का ऐलान किया है. पूर्व मंत्री विनोद सिंह के इस कदम से सुल्तानपुर में बसपा का नुकसान हो सकता है.
मंगलवार की सुबह जिले के पूर्व मंत्री विनोद सिंह भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी से मिलने उनके शहर के शास्त्रीनगर स्थित अस्थाई आवास पर पहुंचे इस दौरान मेनका गांधी और विनोद सिंह की बंद कमरे में घंटो मंत्रणा चली जिसके बाद बाहर निकलकर पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने घोषणा किया कि वो इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी को अपना समर्थन दे रहे हैं.
गठबंधन प्रत्याशी चंद्रभद्र सिंह “सोनू” को फिर बनाया अपना टार्गेट
पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने मेनका गांधी से मिलने के बाद एक प्रेस नोट जारी करते हुए अपने विरोधी गठबंधन प्रत्याशी चंद्रभद्र सिंह सोनू का नाम लिए बिना उनपर जमकर बरसे . पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने अपने द्वारा जारी किए गए प्रेस नोट में कहा है कि उनका प्रयास रहा है कि जिले में किसी अपराधी क़िस्म के व्यक्ति को कभी कोई पद नही मिले. इसके लिए हमने हमेशा से ही दलगत राजनीति से उठकर लोगो का सहयोग भी किया है और सहयोग रंग भी लाया. उन्होंने बताया की दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में दल बदलने में माहिर रहे शिव कुमार सिंह के साथ मिलकर उन्होंने यह साबित भी किया है. पूर्व मंत्री ने अपनी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि अगर किसी अपराधी को सुल्तानपुर का सांसद चुना गया तो कई ठेकेदार, कोटेदार, ग्राम प्रधान और व्यवसायी वसूली से तंग आकर आत्महत्या के लिए मजबूर होंगे और कितने नरसंहार होंगे तथा कितने लोग भय में जीवन बिताने के लिए मजबूर हो जाएंगे.
विनोद सिंह ने कहा की मझवारा की कमला यादव की तरह ही कई महिलाएं विधवा हो जायेगी. उन्होंने साफ कहा कि मेरे कहने पर नही बल्कि पुलिस की आख्या में यह व्यक्ति अपराधी है. अगर ऐसे व्यक्ति को जिले की कमान दे दी गयी तो जिले का बुरा हाल होना तय है.
कौन है विनोद सिंह
केंद्र की कांग्रेस सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे स्व केदारनाथ सिंह के पुत्र है पूर्व मंत्री विनोद सिंह , विनोद सिंह भले ही पिछले कुछ समय से किसी बड़े पद पर नही है लेकिन सुल्तानपुर जिले की राजनीति में पूर्व मंत्री विनोद सिंह का कद काफी बड़ा है , इसी कारण विनोद सिंह हर चुनाव में जिसे चाहते है उसे समर्थन करते है वो चाहे जिस दल से जुड़ा हुआ नेता हो , विनोद सिंह कई इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज का संचालन करते है जिसके कारण विनोद सिंह से हर तबके के लोग जुड़े हुए है जिसका लाभ भी समय समय पर विनोद सिंह को मिलता रहता है .
पूर्व मंत्री के आरोपों का किया खंडन
पूर्व मंत्री विनोद सिंह द्वारा गठबंधन प्रत्याशी चंद्रभद्र सिंह को अपराधी कहे जाने की बात पर जब सोनू सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा की पूर्व मंत्री विनोद सिंह जिस निचले स्तर पर उतरकर राजनीति करते है ऐसी राजनीति मैंने ना कभी की है ना ही करूंगा , पूर्व मंत्री अपने धनबल की वजह से अपने सियासी जमीन तैयार करने की कोशिश करते है जबकि मैं अपने जिले के बड़े, बूढ़े, बच्चों और महिलाओं से मिलकर उनकी मदद कर अपनी सियासी जमीन तैयार की है जिसका उदाहरण है 2012 का विधानसभा चुनाव जब मैंने पीस पार्टी से चुनाव लड़ा था और मुझे 34 हजार वोट मिले थे . चंद्रभद्र सिंह ने कानूनगो स्व रामकुमार यादव की प्रधानी चुनाव के दौरान हुई मौत के मामले पर कहा की उस मामले से मेरा कोई लेना देना नही था लेकिन विपक्षियों द्वारा जबरन मेरा नाम उस मामले से जोड़ा गया था लेकिन पुलिस की जाँच में भी मुझे निर्दोष पाया गया और न्यायालय से भी निर्दोष घोषित हुआ . चूंकि मुझपर और मेरे भाई पर कई बार जानलेवा हमला हो चुका है इसलिए हम लोग अपनी सुरक्षा के लिए लाइसेंसी बंदूक हमेशा अपने साथ लेकर चलते है . सोनू ने कहा भले ही पिछले कुछ सालों से मैं किसी पद पर नही रहा लेकिन हर रविवार मेरे गाँव स्थित आवास पर लगने वाले जनता दरबार मे सैकड़ों लोग अपनी समस्या लेकर मेरे पास आते है जिनकी मैं अपने स्तर से हर सम्भव मदद करता हूँ और करता रहूंगा.
सुल्तानपुर से नितिन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
