Kalyan Singh News: पीएम मोदी ने दी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि, कहा- जनकल्याण ही था उनका जीवन मंत्र

अपना लखनऊ होमपेज स्लाइडर

कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हम सभी के लिए शोक की घड़ी है. उनके माता-पिता ने उनका नाम कल्याण सिंह रखा था. उन्होंने अपने जीवन में ऐसे काम किए जिससे उनका नाम सार्थक हुआ. जीवन भर उन्होंने जनकल्याण के लिए काम किया. कल्याण सिंह जी भारत के कोने-कोने में एक विश्वास का नाम बन गए थे. जीवन के अधिकतम समय वे जनकल्याण के लिए हमेशा प्रयत्नरत रहे. उन्हें जब भी जो दायित्व मिला, हमेशा हरेक के लिए प्रेरणा का केंद्र बनें. देश ने एक मूल्यवान शख्सियत, एक नामचीन नेता खोया है. हम उनके सपनों को पूरा करने में कोई कमी न रखें. मैं प्रभु श्रीराम से कामना करता हूं कि वे कल्याण सिंह को अपने चरणों में जगह दें.

उन्होंने कहा, “प्रभु श्री राम कल्याण सिंह जी को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिवार को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति दें. यहां के मूल्यों, आदर्शों, संस्कृतियों और परंपराओं में विश्वास करने वाले हर दु:खी जन को प्रभु राम ढांढस दें, मैं यही प्रार्थना करता हूं.” उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार रात सवा नौ बजे लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई (संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान) में निधन हो गया. वह 89 वर्ष के थे. वह पिछले काफी समय से बीमार थे.

पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए लोक भवन और प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी रखा जाएगा. उसके बाद उसे अलीगढ़ ले जाया जाएगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है. उन्होंने 23 अगस्त को एक दिन का सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की हैं. सिंह का अंतिम संस्कार 23 अगस्त को नरौरा में गंगा तट पर किया जायेगा.

कल्याण सिंह राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शुमार थे और छह दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के वक्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे. इस घटना के बाद सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बसपा (बहुजन समाज पार्टी) अध्यक्ष मायावती, राम जन्मभूमि तीर्थ न्यास के महासचिव चंपत राय, भाजपा नेताओं राम विलास वेदांती एवं विनय कटियार, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी तथा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भी कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया.

सिंह को पिछली चार जुलाई को संक्रमण तथा स्वास्थ्य संबंधी कुछ अन्य समस्याएं होने पर एसजीपीजीआई के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया था. उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था और शनिवार रात उनका निधन हो गया.


प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *