नोएडा: ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में महिला के साथ अभद्रता के आरोप में गिरफ्तार कथित नेता श्रीकांत त्यागी के समर्थन में त्यागी समाज एकजुट होता नजर आ रहा है. श्रीकांत त्यागी को लेकर त्यागी समाज लगातार मुखर है. इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के नोएडा में त्यागी समाज की महापंचायत का आयोजन हुआ. कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग विभिन्न इलाकों से यहां पहुंचे।
सांसद के खिलाफ दिखा गुस्सा
ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में गालीबाजी के आरोप में श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी की गई थी. महिला के साथ अभद्रता के मामले में कार्रवाई को एक समाज से जोड़कर पूरे मामले को गरमा दिया गया है. राष्ट्रीय लोक दल के नेता त्रिलोक त्यागी की ओर से पिछले दिनों श्रीकांत त्यागी की पत्नी अनु त्यागी से मुलाकात हुई थी. इसके बाद श्रीकांत त्यागी पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगा. इस पूरे मामले में BJP के गौतमबुद्धनगर सांसद डॉ. महेश शर्मा को निशाने पर ले लिया गया है,उनके खिलाफ लगातार बयानबाजी हो रही है. इस महापंचायत में भी गुस्सा देखने को मिला. अनु त्यागी को न्याय के लिए नारे भी लगे।
BJP नेताओं की एंट्री ‘बैन’
महापंचायत के बाद त्यागी समाज के लोगों ने गौतमबुद्धनगर थाने के डीएम से मुलाकात की. उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा. इसमें श्रीकांत त्यागी की रिहाई की मांग की गई. महापंचायत में भाजपा नेताओं के एंट्री बैन से संबंधित पोस्टर भी दिखे. इस जुटान के जरिए एक चेतावनी देने की कोशिश की गई. इससे पहले मुजफ्फरनगर के कई गांवों में पोस्टर लगे हैं. जिन पर लिखा है कि, “ये त्यागियों का गांव है, यहां बीजपी नेताओं का आना मना है”।
समर्थन में उतरे राकेश टिकैत
श्रीकांत त्यागी के समर्थन में राकेश टिकैत भी उतर आए हैं. उन्होंने कहा है कि मैं इस मामले के हल किए जाने के पक्ष में हूं. इस मामले का समाधान किया जाना चाहिए. दोनों पक्षों को बातचीत कर इस मामले का हल निकालना चाहिए. उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों को बड़ा बना दिया गया. प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई की दूसरे पक्ष की नहीं सुनी गई. उन्होंने कहा कि देश में और भी कई मुद्दे हैं. इस मुद्दे को इतना तूल क्यों दिया गया. उन्होंने प्रशासन को पहल कर दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराकर मामले का हल निकालने की बात कही है।
15 लाख लोगों के जुटने का दावा
इस बीच भंगेल के रामलीला मैदान आयोजित संयुक्त त्यागी स्वाभिमान मोर्चा का दावा है कि इस महापंचायत में 15 लाख लोग जुट थे. दूसरी तरफ पुलिस ने महापंचायत को देखते हुए ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी और भंगेल के रामलीला ग्राउंड की सुरक्षा बढ़ा दी थी. साथ ही रामलीला मैदान की तरफ जाने वाले रास्तों पर रूट डायवर्जन भी किया गया था. त्यागी समाज की तरफ से यह भी कहा गया है कि आज होने वाली महापंचायत में पुलिस और प्रशासन किसी भी तरह का दखल न दे।
