दिल्ली/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कोरोना के खिलाफ बनाई रणनीति की अभी तक तो देश में ही वाह-वाही हो रही थी. लेकिन चर्चाओं की चाल अब पड़ोसी देश तक जा पहुंची है. पड़ोसी देश पाकिस्तान और वहां की मीडिया वैसे तो हर मामले में भारत के खिलाफ जहर ही उगलते हैं लेकिन इस बार कोरोना को लेकर उठाए गए कदमों की तारीफ करते हुए उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की शान में कसीदे पढ़े हैं.
सीएम योगी को बताया इमरान से बेहतर
दरअसल पाकिस्तान के सबसे चर्चित अखबार ‘द डॉन’ के संपादक फहद हुसैन ने कोरोना संकट में पाकिस्तान में इमरान खान की सरकार के काम और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम की तुलना करते हुए योगी आदित्यनाथ को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से बेहतर बताया है.
फवाद ने क्या लिखा है?
अपने ट्वीट में फहद ने लिखा है कि, उत्तर प्रदेश की जनसंख्या पाकिस्तान से कहीं ज्यादा है लेकिन कोरोना के दौरान हो रही मौतों का सिलसिला यूपी में पाकिस्तान से भी कम है. फहद ने लिखा है कि, पाकिस्तान की जनसंख्या 208 मिलियन है जबकि यूपी की 225 मिलियन फिर भी व्यवस्थाएं उत्तर प्रदेश में बेहतर हैं.
क्या कहते हैं यूपी और पाक के आंकड़े?
उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा करीब 10261 है तो वहीं पाकिस्तान में 98 हजार 943 लोग इस महामारी से संक्रमित हैं. पाकिस्तान में कोरोना से करीब 2002 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं जबकि यूपी में अभी तक 275 मरीजों ने अपनी जान गंवाई है.